
कांग्रेस ने काटा यशपाल गहलोत का टिकट
कन्हैया लाल झंवर को कटने के बाद फिर मिला टिकट
बीडी कल्ला होंगे बीकानेर पश्चिम से प्रत्याशी
जयपुर। बीकानेर में एक सीट के टिकट को लेकर रविवार को कांग्रेस में खासा संग्राम हुआ। पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बी.डी. कल्ला को बीकानेर पश्चिम से टिकट देने के बाद इस सीट से यशपाल गहलोत को बीकानेर पूर्व सीट पर शिफ्ट कर दिया। इसके चलते कन्हैया लाल झंवर का टिकट काटा। यह होते ही प्रतिपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी ने एेलान कर दिया कि झंवर को टिकट नहीं दिया तो वे भीचुनाव नहीं लड़ेंगे। उनकी धमकी असर कर गई और आलाकमान ने फिर गहलोत का टिकट काटकर झंवर को दे दिया।
इससे पहले डूडी ने कन्हैया लाल झंवर का टिकट कटने से नाराज होकर सार्वजनिक तौर पर नोखा से चुनाव नहीं लडऩे की घोषणा कर दी थी। इससे पार्टी में बवाल मच गया। मामला दिल्ली पहुंचा और प्रभारी अविनाश पाण्डे ने फोन पर डूडी से चर्चा करने के बाद राहुल गांधी से बात की और गांधी के निर्देश पर कन्हैया लाल झंवर को बीकानेर पूर्व से वापस टिकट देते हुए यशपाल गहलोत का टिकट काट दिया गया।
प्रेमी का भी कटा टिकट
कांग्रेस की ओर से रविवार को जारी सूची में केशोरायपाटन से पूर्व में उम्मीदवार बनाए गए सी.एल. प्रेमी का भी टिकट काट दिया गया है, उनकी जगह राकेश बोयत को टिकट दिया गया है। इसी तरह मावली से लालसिंह झाला की जगह पुष्कर डांगी को टिकट दिया गया है। इस सूची में सांसद करण सिंह यादव को किशनगढ़बास से प्रत्याशी घोषित किया है। पूर्व पर्यटन मंत्री बीना काक का टिकट काटकर रंजू रामावत को उम्मीदवार बनाया गया है। जैतारण से पूर्व सांसद गोपाल सिंह ईडवा भी दावेदारी कर रहे थे, लेकिन उनकी बजाय पार्टी ने दिलीप चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। पूर्व चिकित्सा मंत्री दुर्रु मियां को तिजारा से उम्मीदवार घोषित किया गया है। इस सूची में कुल 18 सीटों की घोषणा की गई है।
पांच सीटें गठबंधन को
कांग्रेस ने 5 सीटें गठबंधन को दी है। भरतपुर शहर, मुंडावर, मालपुरा, बाली और कुशलगढ़ सीट से गठबंधन वाली पार्टियां अपने प्रत्याशी घोषित करेगी। मालपुरा सीट गठबंधन के पास जाने से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान भी टिकट से वंचित हो गए हैं। भरतपुर शहर से लोकदल से जगत सिंह, बाली से एनसीपी से उम्मेद सिंह चंपावत, कुशलगढ़ से लोकतांत्रिक जनता दल से फतेह सिंह को टिकट दिया जा सकता है।