
Rajasthan BJP Tiranga Yatra: भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को समर्पित एक ऐतिहासिक और भावनात्मक तिरंगा यात्रा का आयोजन जयपुर में किया गया। इसका उद्देश्य हाल ही में सफलतापूर्वक सम्पन्न ऑपरेशन सिंदूर के जांबाज़ सैनिकों को सम्मान देना था। इस यात्रा में हर वर्ग, हर समुदाय, और हर उम्र के लोग देशप्रेम की भावना के साथ जुड़ते दिखे।
जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल से आरंभ होकर बड़ी चौपड़ तक निकली इस यात्रा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सहित अनेक जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में आमजन शामिल हुए। न्यू गेट, बापू बाजार, सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार और जामा मस्जिद जैसे प्रमुख स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की जनता के मन में उठे ज्वार को शांति दी है। हमारे सैनिकों ने आतंक के अड्डों पर जिस वीरता से प्रहार किया है, वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी कैबिनेट को इस साहसिक निर्णय के लिए धन्यवाद देता हूँ।
उन्होंने आगे कहा कि यह नया भारत है, जो न सिर्फ़ सहता है, बल्कि उचित समय पर करारा जवाब देना भी जानता है। यह तिरंगा यात्रा सैनिकों को श्रद्धांजलि है और हम सबका एकजुट संकल्प भी।
जयपुर में इस तिरंगा रैली के दौरान जामा मस्जिद क्षेत्र में मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा तिरंगा यात्रा का स्वागत एकता और भाईचारे की मिसाल बन गया। बड़ी संख्या में मुस्लिम युवक, महिलाएं और बुजुर्ग इस यात्रा में शामिल हुए और देशभक्ति के नारों के साथ सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
यात्रा के दौरान देशभर में हो रहे आतंकवाद के खिलाफ आक्रोश भी देखने को मिला। 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारों के साथ लोग आतंक के खिलाफ एक स्वर में बोलते नजर आए। हर हाथ में तिरंगा और हर दिल में देशभक्ति का संकल्प था। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने देशभक्ति के गीतों, नारों और भावनाओं से इस आयोजन को अद्वितीय बना दिया।
तिरंगा यात्रा का समापन बड़ी चौपड़ पर हुआ, जहां देशभक्ति की लहर अपने चरम पर थी। लोगों ने आतंकी हमलों के खिलाफ नारों और संदेशों से सजे कार्डबोर्ड उठाए हुए थे। यह नजारा दर्शाता है कि भारत आज एकजुट है, सजग है और हर हाल में अपने सैनिकों के साथ खड़ा है।
गौरतलब है कि प्रशासन और आयोजन समिति के अनुसार, यह तिरंगा यात्रा सिर्फ जयपुर तक सीमित नहीं रहेगी। इसे संभाग स्तर, जिला स्तर और विधानसभा क्षेत्रवार भी आयोजित किया जाएगा, जिससे हर नागरिक इस राष्ट्र-गौरव अभियान से जुड़ सके।
Updated on:
15 May 2025 01:25 pm
Published on:
15 May 2025 01:25 pm
