
अरविंद सिंह मेवाड़ और विश्वराज सिंह मेवाड़
Arvind Singh Mewar Death: मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ ने 81 वर्ष की उम्र में रविवार सुबह अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उदयपुर स्थित उनके आवास पर उनका इलाज किया जा रहा था। उनके बड़े भाई महेंद्र सिंह मेवाड़ का पिछले साल नवंबर में ही निधन हुआ था। अरविंद सिंह मेवाड़ के बेटे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने अपने एक्स हैंडल से ट्वीट कर लिखा कि 'एकलिंग दीवान' के अंतिम दर्शन और यात्रा सोमवार को सुबह 11 बजे शम्भु निवास से शुरू होकर बड़ी पोल, जगदीश चौक, घंटाघर, बड़ा बाजार, देहली गेट होकर महासतियां के लिये प्रस्थान करेगी।
अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर राजस्थान के दिग्गज नेताओं की प्रतिक्रियाएं आ रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताते हुए लिखा कि 'मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने मेवाड़ की वैभवशाली विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका प्रभावशाली व्यक्तित्व और अनुकरणीय चरित्र भावी पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिवार को यह अकथनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'
नाथद्वारा से विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने शोक संदेश जारी किया। जिसमें लिखा कि 'आज सुबह मुझे पता चला कि मेरे चाचा अरविन्द सिंह का देवलोक गमन हो गया है। मैं भगवान एकलिंगनाथ से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।'
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक्स पर लिखा कि 'उदयपुर राजपरिवार के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ का दुखद निधन पूरे राजस्थान के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मेरे पिताजी माधवराव सिंधिया एवं हमारे समस्त परिवार के साथ उनका एक घनिष्ठ एवं आत्मीय संबंध रहा। अपने सरल व्यक्तित्व व श्रेष्ठ विचारों के साथ उन्होंने मेवाड़ की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं उनके परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि 'महाराज अरविन्द सिंह मेवाड़ के देवलोकगमन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने उदयपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पर्यटन के क्षेत्र में उन्होंने जो प्रयास किए वह सदैव याद रहेंगे। शोक संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि वह दिवंगत की आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।'
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि 'उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की हिम्मत प्रदान करें।'
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्स पर लिखा कि 'मेवाड़ ने आज अपना सपूत खो दिया. अरविंद सिंह मेवाड़ को उनकी पैनी बौद्धिकता एवं उदयपुर में पर्यटन के क्षेत्र में योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। प्रभु उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे।'
राजस्थान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि 'उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।'
वहीं, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि 'उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने का संबल प्रदान करें।'
Updated on:
16 Mar 2025 02:05 pm
Published on:
16 Mar 2025 01:29 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
