
भैरोसिंह शेखावत को लेकर वसुन्धरा राजे ने कही यह बड़ी बात
जयपुर। पूर्व उप राष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत के जन्म शताब्दी समारोह पर सोमवार को उनके पैतृक निवास खाचरियावास में कार्यक्रम का आयोजन किया। यहां पूर्व सीएम वसुन्धरा राजे ने कहा है कि भैरोसिंह शेखावत उस वक्त बहुत आहत हुए, जब एक तरफ़ तो उनकी 1996 में क्लीवलैंड में हार्ट की सर्जरी हो रही थी और दूसरी ओर जयपुर में उनकी सरकार गिराने के लिए ‘ऑपरेशन’ चल रहा था। हालांकि कांग्रेस इसमें सफल नहीं हुई।
राजे ने कहा कि सभी दलों के राजनेताओं से भैरोसिंह शेखावत के मधुर संबंध थे। हरिदेव जोशी एसएमएस में भर्ती हुए, तब शेखावत सीएम थे। वे जोशी के पास नियमित अस्पताल जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछते। चिकित्सकों को निर्देश देते थे। एक बार जोशी ने शेखावत से कहा आपसे मिलना है, सीएमओ आजाऊं ? उन्होंने मना कर दिया, लेकिन अगले आधे घंटे में वे जोशी के घर पहुंच गए। जोशी ही नहीं उनके पूर्व सीएम मोहन लाल सुखाडिया सहित कांग्रेस के कई नेताओं से मधुर संबंध थे। इसका अर्थ ये नहीं था कि वे आपस में मिले हुए थे, जब भी संगठन की बात आती, शेखावत चट्टान की तरह उनके ख़िलाफ़ खड़े हो जाते थे। उन्होंने कहा कि मुझे झालावाड़ भेजने के निर्णय में उनकी दूर दृष्टि थी। उन्हीं के कारण मुझे प्रदेश की पहली मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला। वे कहते थे कि कठिन समय में व्यक्ति तप करके तो निखरता ही है, उसे अपने परायों की भी पहचान होती है।
Updated on:
15 May 2023, 4:56 PM IST
Published on:
15 May 2023, 3:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.