
बीसलपुर बांध के छह गेटों से हो रही पानी की निकासी। फोटो-पत्रिका।
Bisalpur Gates: जयपुर। राजधानी जयपुर सहित टोंक और अजमेर की जीवनरेखा माने जाने वाले बीसलपुर बांध ने इस बार एक नया कीर्तिमान रच दिया है। पहली बार जुलाई महीने में ही यह बांध पूरी तरह भर गया और उसके गेट खोलने की नौबत आ गई। हालांकि अब पानी की आवक में धीरे-धीरे कमी आ रही है और बांध प्रबंधन ने छह में से तीन गेट बंद कर दिए हैं।
24 जुलाई को बीसलपुर बांध के गेट खोलने की शुरुआत हुई थी, जिसके बाद 25 जुलाई से छह गेट खोलकर 84 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इन गेटों को एक से तीन मीटर तक ऊंचा करके जल निकासी की गई थी। लेकिन 1 अगस्त की रात को यह संख्या घटाकर सिर्फ तीन कर दी गई। वर्तमान में ये तीनों गेट मात्र एक-एक मीटर तक खुले हैं, जिनसे लगभग 18 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
इस बार मानसून ने राजस्थान पर विशेष कृपा बरसाई है। बीसलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश बांध लबालब हो चुके हैं और राज्य में औसत से 88 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। जुलाई में ही बीसलपुर के छह गेट खुलना और 84 हजार क्यूसेक से अधिक पानी की निकासी अपने आप में एक ऐतिहासिक घटना है।
बांध की वर्तमान स्थिति को देखते हुए जलप्रबंधन टीम लगातार निगरानी रख रही है और आवक के आधार पर गेटों की स्थिति में बदलाव किए जा रहे हैं।
Updated on:
1 Aug 2025, 9:14 PM IST
Published on:
1 Aug 2025, 9:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.