scriptयात्राओं के माध्यम से मतदाताओं को लुभाने में जुटे दोनों दल | Both parties engaged in wooing voters through yatras | Patrika News
जयपुर

यात्राओं के माध्यम से मतदाताओं को लुभाने में जुटे दोनों दल

चुनाव से पहले यात्राओं का रहेगा जोर
कांग्रेस: राहुल गांधी की न्याय यात्रा 25 को धौलपुर जिले में
भाजपा: 24 जिलों में यात्रा पर रहेगा विशेष फोकस

जयपुरFeb 23, 2024 / 12:13 pm

rajesh dixit

यात्राओं के माध्यम से मतदाताओं को लुभाने में जुटे दोनों दल

यात्राओं के माध्यम से मतदाताओं को लुभाने में जुटे दोनों दल

जयपुर। लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं। दोनों पार्टियों ने चुनाव प्रचार की तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आगामी दिनों में न्याय यात्रा राजस्थान के धौलपुर जिले से होकर गुजरेगी तो वहीं भाजपा ने भी आगामी दिनों में यात्रा निकालने का प्लान बनाया है। भाजपा की करीब 24 जिलों से यात्रा निकालने की योजना है। यात्राओं के माध्यम से कांग्रेस व भाजपा मतदाताओं को लुभाने का प्रयास करेंगे।
भाजपा: एक ही लक्ष्य, 25 सीटों पर कब्जा

भाजपा इस बार राजस्थान की सभी सीटों पर कब्जा जमाने की हैट्रिक में जुटी है। इसके लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां जारी हैं। पिछले दिनों केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजस्थान के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने ताबड़तोड़ तरीके से राजस्थान के तीन संभाग मुख्यालयों पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर नौ लोकसभा सीटों पर जमीनी स्थिति का आंकलन किया था। इधर, अब भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में राजस्थान के 24 जिलों से यात्रा निकालने की योजना बनाई है। ये 24 जिले वे हैं जहां से हाल में पानी को लेकर समझौते हुए हैं। इनमें पूवी राजस्थान नहर परियोजना और यमुना के पानी से प्रभावित जिले होंगे। यह यात्रा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव से पहले निकाली जाएगी। हालांकि अभी यात्रा की तिथि फाइनल नहीं हुई है। उम्मीद है कि इसका फैसला भी जल्द हो जाएगा।
कांग्रेस: यात्रा के बहाने कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश

कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी न्याय यात्रा पर निकले हैं। इस समय यह यात्रा उत्तरप्रदेश में है। यह यात्रा 25 फरवरी को राजस्थान के धौलपुर जिले की सीमा में आएगी। इस अवसर पर फ्लैग सेरेमनी कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस सेरेमनी कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। इधर कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान में यात्रा आने के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं। लोकसभा चुनाव में पिछले दो चुनावों में कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला है। ऐसे में राहुल गांधी की यह न्याय यात्रा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश फूंकने का काम करेगी। यहां से यह यात्रा मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। कांग्रेस में इन दिनों भाजपा में जाने का लेकर उथल-फुथल मची हुई है। पिछले दिनों ही कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे पूर्व मंत्री महेन्द्र जीत मालवीय भाजपा में शामिल हुए थे। इसके अलावा अन्य नेताओं के नाम भी भाजपा में शामिल होने के लेकर चर्चा में है। ऐसे में गांधी की यह यात्रा कार्यकर्ताओं के लिए एक संजीवनी साबित हो सकती है।

Hindi News/ Jaipur / यात्राओं के माध्यम से मतदाताओं को लुभाने में जुटे दोनों दल

ट्रेंडिंग वीडियो