सारा ब्रिटेन इन दिनों एक खास नन्हे मेहमान के स्वागत में पलक-पांवड़े बिछाए बैठा है। प्रिंस विलियम्स और कैट मिडिलटन तीसरे बच्चे के माता-पिता बनने जा रहे हैं। प्रिंस जॉर्ज और प्रिंसेस शर्लाट के बाद यह उनकी तीसरी संतान होगी। ऐसे में प्रिंस विलियम्म और कैट ने भले ही अपने होने वाले तीसरे बच्चे का परीक्षण नहीं कराया है कि वह लडक़ा होगा या लडक़ी लेकिन ब्रिटेन के सट्टेबाज इस बात पर आश्वस्त हैं कि उनके तीसरी संतान लडक़ी होगी और उसका नाम एलिस रखा जाएगा। वैसे भी ब्रिटेन में इन दिनों हर कोई लडक़ा या फिर लडक़ी और उसके नाम के बारे में कयास लगाने में लगा हुआ है।
तीसरे बच्चे का नाम एलिस होगा या मैरी, इस पर ब्रिटेन में काफी दिनों से चर्चा छिड़ी हुई है लेकिन अब सट्टेबाजों का कहना है कि प्रिंस विलियम्स और कैट मिडिलटन अपनी बच्ची का नाम एलिस ही रखेंगे क्योंकि एलिस दरअसल ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग की मां का नाम था। इससे पहले मैरी सट्टेबाजों का लंबे समय तक फेवरिट बना रहा था। कैट मिडिलटन सेंट मैरीज हॉस्पिटल में बच्चे को जन्म देने वाली हैं और हॉस्पिटल ने इसके लिए सारी तैयारी कर ली है और उधर बच्चे के नाम को लेकर सट्टेबाज तगड़ा सट्टा लगा रहे हैं। एलिस और मैरी से पहले बच्चे का नाम विक्टोरिया या फिर फिलिप भी चर्चा में रहा था लेकिन अब इन दोनों नामों के भाव काफी गिर गए हैं। हालांकि कैन्सिग्टन पैलेस ने बच्चे की ‘ड्यू डेट’ की घोषणा नहीं की है लेकिन सेंट मैरीज ने इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। यहां तक हॉस्पिटल के आगे ‘नो पार्किंग’ का बोर्ड लग चुका है। गौरतलब है कि प्रिंस जॉर्ज और प्रिंसेस शार्लट का जन्म भी इसी हॉस्पिटल में हुआ था। वैसे अनुमान है कि कैट 24 अप्रेल के आस-पास बच्चे को जन्म देंगी और हॉस्पिटल सेंट मैरीज के मुताबिक, पार्किंग पर प्रतिबंध फिलहाल 30 अप्रेल तक ही रहेगा।