27 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan : सीएम भजनलाल का तोहफा, रक्षाबंधन पर महिलाएं रात 12 बजे से रोडवेज बसों में करेंगी फ्री सफर

Rajasthan : रक्षाबंधन पर राजस्थान रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस बसों में महिलाएं 27 अगस्त रात 12 बजे से 29 अगस्त रात 11.59 बजे तक राजस्थान की सीमा में मुफ्त सफर कर सकेंगी।
2 min read
Google source verification
cm bhajanlal gift rakshabandhan women free travel roadways buses tonight

Rajasthan : सीएम भजनलाल शर्मा। फाइल फोटो पत्रिका

Rajasthan : रक्षाबंधन पर भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने जाने वाली बहनों के लिए राजस्थान सरकार और रोडवेज प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। इस बार त्यौहार के मौके पर प्रदेश भर में महिलाएं और लड़कियां राजस्थान रोडवेज की बसों में 48 घंटे तक बिल्कुल मुफ्त सफर कर सकेंगी। यह सुविधा 27 अगस्त की मध्यरात्रि (रात 12 बजे) से शुरू होकर 29 अगस्त की रात 11.59 बजे तक लागू रहेगी। इस समय सीमा में राजस्थान की सीमा के भीतर सफर करने वाली किसी भी महिला या बालिका से बस का किराया नहीं वसूला जाएगा।

राजस्थान रोडवेज (RSRTC) द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार, यह छूट राजस्थान रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस श्रेणी की बसों में पूरी तरह मान्य होगी। जबकि वॉल्वो, एसी और लग्जरी श्रेणी की प्रीमियम बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा लागू नहीं होगी। इनमें यात्रा करने पर नियमित किराया देना होगा।

फ्री टिकट पर भी मिलेगी एडवांस सीट बुकिंग

अक्सर त्यौहारों पर बसों में होने वाली भारी भीड़ और धक्का-मुक्की को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने इस बार खास इंतजाम किया है। 28 और 29 अगस्त को यात्रा करने वाली महिलाएं अपने सफर के लिए पहले से ही सीट का ऑनलाइन या काउंटर से एडवांस रिजर्वेशन करवा सकती हैं। इससे ऐन मौके पर बस स्टैंड पर सीट के लिए होने वाली मारामारी और परेशानी से राहत मिलेगी।

राजस्थान सीमा के भीतर ही मान्य

राजस्थान रोडवेज प्रबंधन ने कहा कि फ्री बस सफर का लाभ उठाने वाली महिला यात्रियों के लिए यात्रा की भौगोलिक सीमा को लेकर स्पष्ट नियम तय किए गए हैं। मुफ्त यात्रा की सुविधा केवल राजस्थान राज्य की सीमा के अंदर ही लागू रहेगी। यदि कोई बस राजस्थान से बाहर किसी पड़ोसी राज्य (जैसे दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश या उत्तर प्रदेश) में प्रवेश करती है, तो राजस्थान सीमा पार करते ही आगे के सफर का नियमित किराया देना अनिवार्य होगा।

अतिरिक्त बसों का संचालन

यात्रियों के दबाव को देखते हुए प्रमुख रूटों जैसे जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर और अजमेर से अतिरिक्त बसों के संचालन का प्लान तैयार किया गया है। बस स्टैंड्स पर सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और रोडवेज कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी ताकि महिला यात्रियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।