
जयपुर. सवाई मानसिंह अस्पताल अण्डरपास और अस्पताल में कमांड सेंटर, ओपीडी काउंटर के अलावा हर वार्ड में बनाए गए दो-दो बैड के सेमी आईसीयू का उद्घाटन गुरुवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने किया। मुख्यमंत्री दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एसएमएस अस्पताल पहुंची। उन्होंने अंडरपास का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के साथ इस दौरान चिकित्सा मंत्री कालीचरण सर्राफ, सुमन शर्मा, जयपुर महापौर अशोक लोहाटी सहित विभाग के आला अधिकारी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने सात करोड़ की लागत से ट्रोमा सेंटर में बनाए जाने वाले आईसीयू का शिलान्यास भी किया। अण्डरपास का काम पिछले माह ही पूरा हो चुका है। इसके बाद 3 दुकानें नीलाम भी कर दी गई, जिससे जेडीए को रिकॉर्ड आय हुई।
अण्डरपास की निर्माण लागत करीब 14.92 करोड़ रुपए है। इसकी लम्बाई 34 मीटर है, जबकि चौड़ाई 24 मीटर है। 10 मीटर चौड़ाई में होगी राहगीरों की आवाजाही रहेगी, जबकि 22 दुकानें यहां बनाई गई हैं। इनमें से तीन दुकानें नीलाम हो चुकी हैं। कमांड सेंटर 1.15 करोड़ रुपए की लागत से बना है, जबकि ओपीडी काउंटर डोम की लागत भी करीब 1.5 करोड़ रुपए आई है।
अंडरपास को आकर्षक पेंटिंग्स से सजाया गया है। अंडरपास के लोकर्पण से टोंक रोड़ पर यातायात सुचारू रूप से चलेगा, जबकि मरीजों व उनके परिजनों को ट्रोमा सेंटर तक आने जाने में सहूलियत होगी।