
जयपुर। अप्रेल माह बीतने में अभी सप्ताहभर शेष है लेकिन अब तक पश्चिम के कुछ हिस्सों को छोड़ प्रदेश के शेष भागों में झुलसाने वाली गर्मी के तेवर नर्म रहे हैं। राजधानी में ही अब तक दिन में पारा 40 डिग्री व उससे कम रहा है जो बीते 12 साल की तुलना में इस बार अप्रेल माह में सबसे कम रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार गुजरात के सौराष्ट्र व कच्छ की तरफ से आ रही गर्म सतही हवाओं के कारण बीते चौबीस घंटे में पश्चिमी राजस्थान में तपन बढ़ी है लेकिन अगले 48 घंटे बाद हिमालय तराई क्षेत्र में फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। ऐसे में अगले 48 घंटे बाद प्रदेश के पूर्वोत्तर हिस्सों में अंधड़, बौछारों के साथ ओलावृष्टि का दौर शुरू होने का अंदेशा है जिसके चलते माह के आगामी दिनों में गर्मी से राहत दिलाने वाले साबित हो सकते हैं।
राजधानी में आज सुबह आसमान साफ रहा लेकिन दस किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बही उत्तर पश्चिमी हवा ने सूर्योदय के साथ ही मौसम में गर्माहट का अहसास कराया। बीती रात शहर के तापमान में एक डिग्री बढ़ोतरी हुई और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं दूसरी तरफ आज सूर्योदय के साथ ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली और सुबह नौ बजे शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। बीती रात पारे में आंशिक बढ़ोतरी के बावजूद रात में अभी गर्मी के तेवर नर्म रहे हैं। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में अगले चौबीस घंटे में मौसम शुष्क रहेगा व अधिकतम तापमान में एक— दो डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में 20 डिग्री से कम रहा रात में पारा
मौसम केंद्र के अनुसार बीती रात आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से कम रिकॉर्ड हुआ है। पारे में आई गिरावट से रात में फिलहाल गर्मी के तेवर नर्म रहे हैं। मैदानी इलाकों में भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहा वहीं माउंट आबू में भी रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। अलवर,सीकर, चित्तौड़, उदयपुर , जोधपुर और चूरू में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से कम रहा है। हालांकि जैसलमेर 24.5, बाड़मेर 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
Published on:
24 Apr 2018 11:07 am
