
कांग्रेस के विधायक घनश्याम मेहर। फोटो पत्रिका
Covid Vaccine : कोविड की एक वैक्सीन के बाद हृदयाघात के केस बढ़ने का भ्रम पैदा होने के बारे में स्पष्टीकरण की मांग पर बुधवार को राजस्थान विधानसभा में हंगामा हो गया। कांग्रेस के घनश्याम मेहर ने कहा कि कोविड की एक वैक्सीन 'कोविशील्ड' से हृदयाघात, बच्चों में हृदयाघात व साइलेंट अटैक के केस बढ़ने का जनता में भ्रम पैदा हो रहा है, इस पर स्थिति स्पष्ट करने के लिए रिसर्च होना चाहिए।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर व भाजपा के श्रीचंद कृपलानी व अन्य के टोकाटाकी करने पर मेहर ने सवाल किया कि क्या काेरोना के बाद हृदयाघात के केस नहीं बढ़े। कांग्रेस के घनश्याम ने स्वास्थ्य विभाग की अनुदान मांगों पर बहस के दौरान यह मुद्दा उठाया।
इसी दौरान भाजपा के श्रीचंद कृपलानी ने सवाल किया, आपको कौनसी वैक्सीन लगी। जवाब में मेहर ने कहा, मुझे तो सरकार ने लगा दी पता नहीं कौनसी थी। हो सकता है इलेक्टॉरल बॉन्ड से चुनावी चंदा लेने के लिए नकली वैक्सीन लगा दी हो।
20-20 साल के युवकों को हृदयाघात हो रहे हैं। कृपलानी, मंत्री मदन दिलावर सहित कई भाजपा सदस्यों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि वैक्सीन पर सवाल उठाना कांग्रेस की पुरानी आदत है।
इसी दौरान भाजपा के विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि डॉक्टरों व वैज्ञानिकों पर सवाल उठाना गलत है। वैक्सीन में कुछ होता तो उसे उपयोग करने वाले दूसरे देश पहले आपत्ति जताते।
Updated on:
19 Feb 2026 07:58 am
Published on:
19 Feb 2026 07:58 am
