
electricity
जयपुर। कोरोनाकाल ( Covid 19 ) में लोगों के पास रोजगार नहीं है। आर्थिक स्थिति बिगड़ चुकी है। ऐसे हालातों में तंगी के दौर में लोगों की जेब पर जून-जुलाई में आर्थिक भार पड़ रहा है। दरअसल राज्य सरकार ने लॉकडाउन के दौरान अप्रेल में बिजली-पानी के बिल, स्कूल की फीस आदि खर्चों को 2 महीने के लिए स्थगित कर दिया था, लेकिन अब अनलॉक के बाद 3 महीने के बिल एक साथ चुकाने पड़ रहे हैं।
यहां—यहां चुकाना होगा पैसा
बिजली बिल : अप्रेल व मई महीने में जयपुर डिस्कॉम ने औसतन बिजली बिल भेजें। सरकार ने राहत के नाम पर बिजली बिल पहले 31 मई व बाद में 30 जून तक स्थगित किए। औसत बिल जनवरी-फरवरी के हिसाब से आए। जून माह में रीडिंग के हिसाब से बिल आए। अप्रेल व मई महीने में गर्मी के दौरान हुए अधिक उपभोग का बिल भी इसी महीने आया है। ऐसे में जून महीने में दो-तीन गुना बिल अधिक आया है।
स्कूल फीस : प्रदेश में मार्च महीने से स्कूल बंद है। स्कूलों ने फीस के नोटिस भी भेजे, लेकिन राज्य सरकार ने स्कूलों को फीस के लिए मजबूर नहीं करने के निर्देश दिए। जून महीने में सरकार की मियाद खत्म होने के बाद अब स्कूलों ने फिर से नोटिस देना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं अब स्कूलों ने तिमाही में 3 महीने के बजाय 4 महीने की फीस एक साथ जमा कराने का नोटिस दे दिया है।
पानी बिल : पिछले 3 महीने से पानी के बिल भी नहीं दिए गए। हालांकि 3 महीने के बिल एक साथ नहीं आएंगे, बल्कि हर महीने एक माह का बिल अतिरिक्त जोड़ कर दिया जाएगा। 2 महीने का बिल एक साथ जमा करवाना होगा।
पेट्रोल—डीजल : लॉकडाउन के बाद केंद्र व राज्य सरकारों ने पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि की है। राज्य सरकार ने जहां लॉकडाउन के दौरान तीन बार वैट बढ़ाया, वहीं केंद्र सरकार ने पिछले 10 दिनों में 5 रूपए से ज्यादा बढ़ा दिए हैं। लॉकडाउन के बाद अब लोगों ने आना जाना शुरू कर दिया है। ऐसे में पेट्रोल-डीजल की मार भी आम आदमी पर पड़ेगी।
बिजली पानी के बिल माफ कराने को लेकर प्रदर्शन
इन सभी को लेकर राजधानी जयपुर के किशनपोल बाजार में मंगलवार को धरोहर बचाओ समिति के बैनर तले लॉकडाउन समय अवधि के बिजली, पानी बिल माफ करने की मांग को लेकर लोगों ने प्रदर्शन किया।
Published on:
17 Jun 2020, 10:56 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.