
जयपुर . गांधी नगर राजधानी जयपुर की करीब आधी आबादी को रेल सुविधा उपलब्ध करा रहे गांधी नगर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां सुरक्षा जांच के तहत लगाया गया गुड्स स्कैनर उपयोग में नहीं आ रहा है। यानि हजारों यात्रियों और रेल संपत्ति की सुरक्षा के लिए लगाया गया स्कैनर खुद असुरक्षित है। पिछले सालों में हुए बम धमाकों के बाद जयपुर में आइएसआइ की गतिविधियां भी सामने आई हैं। ऐसे में महत्वपूर्ण जगह पर सुरक्षा मानकों के प्रति लापरवाही बरतना कई सवाल खड़े करता है। पेश है रिपोर्ट...
कोई टोकता नहीं तो सीधे निकल जाते हैं
गांधी नगर रेलवे स्टेशन पर यात्री भार को देखते हुए सुरक्षा के मध्यनजर कुछ दिनों पहले मेटल डिक्टेक्टर डोर और गुड्स स्कैनर लगाया गया। प्लेटफॉर्म १ के पास मुख्य द्वार पर लगाई गई इस मशीन में कई यात्री मशीन में बैग चैक कराए स्टेशन पर पहुंच जाते हैं। वहां तैनात सुरक्षा प्रहरी भी यात्रियों को नहीं टोकते। कई बार तो मशीन के आसपास कोई कर्मी भी तैनात नहीं रहता है।
यह होती है स्कैनर मशीन
इस मशीन के माध्यम से बैगों और लोडिंग सामानों की जांच की जाती है ताकि पता लग सके कि संबंधित व्यक्ति के पास कोई संदिग्ध सामान या हथियार तो नहीं। यदि किसी के पास कोई ऐसा सामान पाया जाता है तो मशीन बीप की आवाज करती है, जिससे संबंधित व्यक्ति की पहचान हो जाती है। जयपुर जंक्शन सहित सभी महत्वपूर्ण आवाजाही वाले स्थानों पर स्कैनर मशीन लगी हुई है।
यहां भी लगना चाहिए स्कैनर
वहीं अन्य रेलवे स्टेशनों जैसे दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन, सांगानेर रेलवे स्टेशन, जगतपुरा रेलवे स्टेशन आदि पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसा नहीं हैं कि यहां यात्री भार नहीं। मुंबई, इंदौर, सवाई माधोपुर, कोटा जाने वाले यात्री दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन को ही प्राथमिकता देते हैं। वहीं सुबह शाम को लेबर वर्ग जगतपुरा रेलवे स्टेशन पर चढ़ता-उतरता है।
ललित सैनी, यात्री ने कहा की मैं अलवर जा रहा हूं। मुझे यहां लगी स्कैनिंग मशीन की जानकारी नहीं है। बिना किसी रोक टोक के मैं प्लेटफॉर्म पर आ गया।
लंबी दूरी के यात्री यहां से
गांधी नगर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 10 हजार यात्री यात्रा करते हैं। दिल्ली आने जाने वाले यात्रियों में से करीब 70 फीसदी यहीं से आते-जाते हैं। डबल डेकर भी अधिक यात्री यहीं से लेती है। रेलवे के मुताबिक यहां से करीब 65 ट्रेन रोजाना आती-जाती है। शताब्दी और राजधानी ट्रेने भी यहीं होकर गुजरती है। जयपुर से दिल्ली, दौसा, बांदीकुई सहित उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों के लिए गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर काफी भीड़ नजर आती है। लेकिन यहां यात्री और सामानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम नहीं हैं।

Published on:
10 May 2018 03:09 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
