जयपुर। भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी पर रवि योग व स्वाति नक्षत्र के साथ विभिन्न योग संयोग के बीच मंगलवार को गणेश जन्मोत्सव का उल्लास तड़के से ही देखने को मिला। घर—घर, मंदिर—मंदिर गणेशजी की अर्चना शुरू हुई, वहीं नाहरगढ़ स्थित गढ़ गणेशजी मंदिर से मोती डूंगरी गणेशजी मंदिर तक गजानन के जयकारे गूंज उठे। गणेशजी महाराज के दर्शनों के लिए शहर उमड़ पड़ा। गणेशजी के दर्शनों के लिए भक्त रात को मंदिर पहुंचने लगे। मंगला झांकी के साथ दर्शन खुले तो लोगों में गणेशजी महाराज के दर्शनों की होड़ सी मची। मंदिर परिसर गजानन के जयकारों से गूंज उठे।