ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित नहर के गणेशजी मंदिर में त्रिदिवसीय श्री गणेश जन्मोत्सव के तहत आज सुबह 5 बजे मंगला झांकी के साथ ही दर्शन खुले। गणेशजी महाराज ने राजशाही पोषाक पहने और स्वर्ण मंडित मुकुट धारण किए हुए दर्शन दिए। तड़के से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी। मंदिर महंत जय शर्मा के सान्निध्य में गणेशजी महाराज के सुबह की नियमित आरती हुई। इसके बाद सुबह 9 बजे वैदिक मंत्रोच्चार व गणेशजी के 108 नामावली के बीच दुर्वाकुंर अर्पित किए गए। सुबह 11 बजे गणपति का विशेष पूजन किया जा रहा है। इसके बाद महाआरती होगी। वहीं दोपहर 1.30 बजे गणेशजी महाराज के छप्पन भोग के साथ चूरमा व लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। रात को 11.30 बजे शयन आरती होगी। मंदिर में दर्शनों के लिए 4 लाइनें लगी हुई है, इसमें दो लाइनों से महिलाओं को प्रवेश दिया जा रहा है, वहीं दो लाइनों से पुरुषों के लिए लगी हुई है। सुरक्षा के लिए मंदिर में स्वयंसेवकों के साथ पुलिसकर्मी तैनात है।