जयपुर। राजस्थान के प्रमुख बांधों में शुमार माही डेम में अब भरपूर पानी आ गया है। अधिक पानी आने के कारण अब माही डेम से पानी की सप्लाई बिजली उत्पादन के लिए मंगलवार से शुरू कर दी है।
माही डेम राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में है। यह उदयपुर संभाग का सबसे बड़ा बांध है। इसकी भराव क्षमता 281.50 मीटर है। पिछले तीन-चार दिन से हो रही तेज बारिश के चलते बांध में लगातार पानी की आवक बनी हुई है। मंगलवार रात तक माही डेम में 278.35 मीटर से अधिक पानी आ चुका है। बांध अब केवल करीब तीन मीटर ही खाली रहा है। बांध में कुल 16 गेट हैं। इसी रफ्तार से पानी की आवक लगातार बनी रही तो एक सप्ताह में ही बांध के गेट खोलने पड़ जाएंगे।