
hanuman beniwal
जयपुर। भारत वाहिनी पार्टी के प्रमुख घनश्याम तिवाड़ी के कांग्रेस में शामिल होने के बाद राजस्थान की राजनीति से एक और बड़ी खबर है। हनुमान बेनीवाल की पार्टी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच गठबंधन हो सकता है। चर्चा है कि गठबंधन में भाजपा नागौर और बाड़मेर सीट आरएलपी को दे सकती है। खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल खुद नागौर से चुनाव लड़ सकते हैं। अगर भाजपा और आरएलपी के बीच गठबंधन होता है तो केंद्रीय मंत्री सी आर चौधरी का नागौर से टिकट खतरे में पड़ जाएगा। वहीं कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका होगा। कांग्रेस ने नागौर से ज्योति मिर्धा को टिकट दिया है।
कांग्रेस का प्रस्ताव ठुकरा चुके हैं बेनीवाल
आपको बता दें कि इससे पहले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बात हुई थी, लेकिन दोनों के बीच सहमति नहीं बन पाई। हनुमान बेनीवाल ने कांग्रेस से 7 सीटें मांगी थी, लेकिन कांग्रेस RLP को केवल 3 सीटें ही देने को तैयार थी। इसके बाद बेनीवाल ने कांग्रेस की ओर से दिया गया गठबंधन का प्रस्ताव ठुकरा दिया था। वैसे कभी भाजपा में रहे हनुमान बेनीवाल स्पष्ट कर चुके हैं कि आरएलपी का किसी भी राजनीतिक दल में विलय नहीं होगा। हनुमान बेनीवाल 2008 में भाजपा से, 2013 में निर्दलीय आैर 2018 में अपनी पार्टी आरएलपी से चुनाव लड़कर विधानसभा में पहुंचे।
विधानसभा चुनाव से पहले आरएलपी का गठन किया
बेनीवाल ने 2018 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ही अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का गठन किया था। वर्ष 2008 में भाजपा के टिकट से खींवसर से विधायक बनने के बाद वसुंधरा राजे की खिलाफत करने पर बेनीवाल काे भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था। विधानसभा चुनाव से पहले किरोड़ी लाल मीणा भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने अपनी पार्टी राजपा का भाजपा में विलय किया था। वर्तमान में वे राज्यसभा सांसद हैं। इस चुनाव में दौसा से उनकी पत्नी देवी गोलमा देवी और उनका भाई जगमोहन मीणा टिकट के दावेदार हैं। बता दें कि हनुमान बेनीवाल और घनश्याम तिवाड़ी ने विधानसभा चुनाव से पहले हाथ 'मिलाया' था। भाजपा में शामिल होने से पहले किराड़ी लाल मीणा भी हनुमान बेनीवाल के साथ रैलियों और सभा में कई बार साथ दिखे।
Read Latest Rajasthan News in Hindi on Patrika. Also get Lok Sabha Election 2019 Rajasthan News. Jaipur News और साथ ही दूसरे शहरों से जुडी ख़बरें पढ़ने के लिए बने रहिये हमारे साथ।
Updated on:
04 Apr 2019 10:14 am
Published on:
04 Apr 2019 09:20 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
