
जयपुर/ सरदारशहर।
जयपुर में 29 अक्टूबर को होने वाली महाहुंकार रैली को लेकर रविवार शाम किसान छात्रावास में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल ने कहा कि वसुन्धरा राजे व अशोक गहलोत के कार्यकाल में किए कार्यों की जांच करवाई जाएगी तथा दोनों को जेल भेजने का कार्य करेंगे।
बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता के लिए उन्होंने सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के स्वाभिमान पर आंच नहीं आने दूंगा। जयपुर में होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी।
उन्होंने कहा कि चूरू जिले में जाट सर्वाधिक होने के बावजूद भी अन्य लोग जीत रहे है। उन्होंने आरक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि गरीब को आरक्षण मिलना चाहिए। बेनीवाल ने कहा कि उन्होंने इतना संघर्ष किया कि वसुन्धरा को नानी याद आ गई। उन्होंने कहा कि 29 अक्टूबर को कुंभ का मेला जयपुर में लगेगा तथा आने वाले चुनाव में विधानसभा में वीर तेजाजी का झण्डा लहराएंगा।
'भाजपा-कांग्रेस को हराने की विचारधारा वाले दलों से करेंगे समझौता'
विधानसभा चुनावों में कांग्रेस व भाजपा को हराने के लिए समान विचारधारा वाले दलों से बातचीत कर व उनके साथ समझौता करके चुनाव मैदान में उतरेंगे और प्रदेश की सभी 200 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। खींवसर विधायक एवं किसान नेता हनुमान बेनीवाल ने कहा कि कांग्रेस व भाजपा दोनों ने किसानों का भला नहीं किया है और केवल वोट बटोरने के लिए झूठे वादे किए है। अब किसान व युवा संगठित होकर कांग्रेस व भाजपा को हराने का काम करेंगे एवं राजस्थान में किसान के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य लेकर सता परिवर्तन के लिए मतदान करेंगे।
बेनीवाल ने किसानों व युवाओं से 29 अक्टूबर को जयपुर में आयोजित होने वाली किसान महाहुंकार रैली में पहुंचने की अपील की।
Published on:
15 Oct 2018, 8:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.