19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / Hanuman Jayanti 2023: त्रिग्रही योग में हनुमान जन्मोत्सव, खास है इसका महत्व

Hanuman Jayanti 2023: त्रिग्रही योग में हनुमान जन्मोत्सव, खास है इसका महत्व

हनुमानजी महाराज का हुआ जन्माभिषेक, आज दिनभर मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या और महाआरती के आयोजन
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Giriraj Prasad Sharma

•

Updated: 6 Apr 2023, 8:23 AM IST

Hanuman Jayanti 2023: त्रिग्रही योग में हनुमान जन्मोत्सव, खास है इसका महत्व

Hanuman Jayanti 2023: त्रिग्रही योग में हनुमान जन्मोत्सव, खास है इसका महत्व

जयपुर। चैत्रशुक्ल पूर्णिमा पर आज त्रिग्रही योग में हनुमान जन्मोत्सव का उल्लास नजर आ रहा है। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमाजनी महाराज का जन्माभिषेक किया गया। वहीं मंदिरों में सुबह से ही सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा के पाठ शुरू हुए। मंदिरों में विशेष झांकियां सजाई गई। आज दिनभर मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या और महाआरती के आयोजन होंगे। मंदिरों में विशेष झांकियां सजाई जा रही हैं।

चांदी की टकसाल स्थित ठिकाना मंदिरश्री काले हनुमानजी में हनुमानजी महाराज का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। इससे पहले बुधवार मध्य रात्रि में हनुमानजी महाराज का सहस्त्रधाराभिषेक के साथ जन्माभिषेक किया गया। महंत गोपालदास के सान्निध्य में हनुमानजी महाराज का पंचामृत के साथ ऋतु फलों के रस से अभिषेक किया गया। इस मौके पर रात्रि में हवन हुआ।मंदिर के युवाचार्य पं. योगेश शर्मा ने बताया कि मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के कार्यक्रम शुरू हो चुके है। सुबह 11 बजे सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड के पाठ होंगे। वहीं शाम को 7 बजे विशेष झांकी के दर्शन होंगे। हनुमानजी महाराज का विशेष शृंगार किया जाएगा। इस मौके पर भजन संध्या और महाआरती भी होगी।

खोले के हनुमानजी मंदिर में सुबह हनुमानजी महाराज का 108 औषधि द्रव्यों व विभिन्न तीर्थों के जल से मंत्रोच्चारण के साथ महाअभिषेक कराया गया। इसके बाद षोडशोपचार पूजन हुआ। हनुमानजी महाराज का विशेष श्रृंगार किया गया। श्रीनरवर आश्रम सेवा समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि दोपहर 12 बजे विशेष उत्सव आरती होगी। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक हवन होगा। शाम 6 बजे गणेश मण्डल की ओर से भजन गायन किया जायेगा। तीन दिवसीय उत्सव पर दिल्ली बाईपास प्रवेश द्वारा से मंदिर तक पूरी लक्ष्मण डूंगरी नगर निगम हैरिटेज की ओर से रंग बिरंगी रोशनी से रोशन की गई है।

घाट के बालाजी को लगेगा बाटी-चूरमे का भोग
पुराना घाट स्थित जयपुर के कुल देवता के रूप में प्रसिद्ध घाट के बालाजी मंदिर में स्वामी सुदर्शनाचार्य के सान्निध्य में बालाजी महाराज का अभिषेक कर चोला चढ़ाया गया। नवीन पोशाक धारण करवाकर विशेष शृंगार किया गया। मंदिर में आज सामूहिक सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ होंगे। बालाजी महाराज को बाटी और चूरमा का भोग लगाया जाएगा।

जन्म आरती के साथ खुले दर्शन
चांदपोल हनुमान मंदिर में पंचामृत अभिषेक के बाद विशेष श्रृंगार किया गया। जन्म आरती के बाद दर्शन खुले। इसके साथ ही मंदिर में दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। सांगानेरी गेट स्थित पूर्वमुखी हनुमानजी मंदिर में पंचामृताभिषेक के बाद बाद सवा किलो सिंदूर का चौला चढ़ाया गया। इसके बाद नवीन पोशाक धारण करवा कर जन्म आरती की गई। पश्चिममुखी हनुमान मंदिर में भी अभिषेक, श्रृंगार, पूजन और महाआरती के आयोजन हो रहे है। न्यू सांगानेर रोड स्थित चिंताहरण काले हनुमान जी मंदिर में महंत मनोहरदास के सान्निध्य में हनुमान जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। करतारपुर स्थित मनसापूरण हनुमान मंदिर में सुबह दुग्धाभिषेक के बाद रुद्र पाठ हुए। हनुमानजी को 11 हजार लड्डुओं का भोग अर्पित किया जा रहा है।

हनुमानजी महाराज को छप्पप भोग
श्रीदक्षिण मुखी बालाजी मंदिर हाथोज धाम में स्वामी बालमुकुंदाचार्य के सानिध्य में तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आज सुबह धूप आरती से पहले हनुमानजी महाराज का अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण करवाई गई। दोपहर 12.15 बजे राजभोग झांकी में हनुमानजी महाराज को छप्पप भोग लगाया जाएगा। इस मौके पर फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी। शाम 7.15 बजे संध्या आरती होगी और रात 12.15 बजे शयन आरती होगी।

देवस्थान विभाग कराएगा सुंदरकांड पाठ
देवस्थान विभाग की ओर से हनुमान जन्मोत्सव पर प्रदेश में खुशहाली की कामना के लिए आज सुबह 11 बजे से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। सिरहड्योढ़ी बाजार स्थित मंदिरश्री रामचंन्द्रजी में दोपहर 2 बजे तक यह आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत भी शामिल होंगी।