
Amit Shah in jaisalmer- Photo: twitter
जैसलमेर/जयपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय जैसलमेर दौरे पर शनिवार को जैसलमेर पहुंचे। तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर करीब ढाई बजे वे जैसलमेर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। यहां उनकी भाजपा नेताओं ने अगवानी की। यहां विशेष विमान से पहुंचे गृह मंत्री शाह यहां से सीधे तनोट माता के मंदिर दर्शन करने को रवाना हुए। यहां से वे हेलीकॉप्टर से दोपहर साढ़े तीन बजे तनोट क्षेत्र पहुंचे और यहां तनोट माता के मंदिर में दर्शन किया।
यहां पहंचने पर सीमा सुरक्षा बल के सुरक्षा प्रहरियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। गौरतलब है कि पाक सीमा से सटे सरहदी जैसलमेर जिले में आने से पूर्व उन्होंने ट्वीट किया था कि अपने दो दिवसीय प्रवास पर वीरभूमि राजस्थान में रहूंगा, जिसमें आज जैसलमेर में बीएसएफ के बॉर्डर आउट पोस्ट पर बहादुर जवानों से मुलाकात करुंगा। तनोट क्षेत्र में शाह ने वीर जवानों की स्मृति में विजय स्तंभ पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
शाह के साथ केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत व बीएसएफ के अधिकारी भी मौजूद रहे। सफेद कुर्ते पायजामे व हॉफ जेकेट पहने शाह ने बीएसएफ की टोपी भी पहन रखी थी। वे मंदिर में कुछ देर रुके और करीब दस मिनट तक विधिवत पूजा अर्चना की। उन्होंने सुरक्षा प्रहरियों के साथ फोटो भी खिंचवाई और हौसला अफजाई की। गृह मंत्री के सरहदी जिले में दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है।
उनके आगमन व ठहराव को देखते हुए तनोट क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंध कड़े किए गए और निगरानी तंत्र को बढ़ाया गया। यहां से वे रोहिताश चौकी के लिए रवाना हुए। यहां वे सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उनका रात्रि विश्राम यहीं रहेगा। रविवार को वे जैसलमेर के पूनम स्टेडियम में बीएसएफ के 57 वें स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।
Updated on:
4 Dec 2021, 7:38 PM IST
Published on:
4 Dec 2021, 6:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.