
Fake Ghee in D Mart : यदि आप सरस घी खरीदने जा रहे हैं तो अब उसके असली या नकली होने की पहचान कर सकेंगे। इसके लिए घी के डिब्बे की पैकिंग पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करते ही तुरंत उसका पता चल जाएगा।
इस संबंध में राजस्थान सहकारी डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) की एमडी सुषमा अरोड़ा ने बताया कि बाजार में आए दिन सरस के नाम से नकली या मिलावटी घी पकड़ में आ रहा है। इससे उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। लोग नकली या मिलावटी सरस घी नहीं खरीदें इसलिए घी के आधा-एक लीटर की पैकिंग पर द्वि-स्तरीय सत्यापन वाला क्यूआर कोड जारी किया जा रहा है। सरस घी की इस माह की पैकिंग में यह क्यूआर कोड लगाया गया है।
घी के पैकेट पर सरस के लोगो वाला होलोग्राम होगा जिसे स्क्रैच करने पर क्यूआर कोड उभरेगा। मोबाइल फोन से इसे स्कैन करने पर उपभोक्ता को असली या नकली घी की पहचान हो जाएगी। क्यूआर कोड स्कैन करने पर हर पैकिंग पर अलग-अलग यूनिक आइडी नंबर दिखेंगे। उसमें बैच नंबर भी नजर आएगा। इतना ही नहीं, पैकिंग पर एमआरपी समेत मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट भी नजर आएगी। स्कैन करने पर सरस घी का लोगो भी दिखेगा।
खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय की ओर से प्रदेश में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को की गई कार्रवाई में डी-मार्ट स्टोर पर विभिन्न ब्रांड का नकली घी पाया गया। बता दें कि आजकल तेल, दूध, घी, चीनी और चावल सहित सभी तरह की खाने की चीजों में धड़ल्ले से मिलावट हो रही है, ऐसे में मॉल सहित दुकानों से सामान खरीदने वालों को सावधान रहने की जरूरत है। अतिरिक्त खाद्य आयुक्त पंकज ओझा ने बताया कि मालवीय नगर स्थित डी मार्ट स्टोर पर नकली प्रो वैदिक घी बिकने की शिकायत मिली थी। सरकारी लैब से करवाई गई जांच में माना गया कि यह घी घटिया एवं नकली है। जांच में यह भी पता चला कि सरस घी के एक ही बैच नंबर और एक ही सीरीज के कई घी के डिब्बे थे। इस पर सरस डेयरी के क्वालिटी कंट्रोल मैनेजर और एनालिस्ट को बुलाकर जांच कराई गई। जांच में यह घी नकली पाया गया।
नकली घी के मामले में सरस डेयरी की ओर से डी मार्ट और कूकरखेड़ा स्थित खण्डेलवाल एण्ड कंपनी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाई गई है। साथ ही कई स्थानों पर प्रो-वैदिक घी का स्टॉक सीज किया गया है। सीएम भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश में मिलावट के खिलाफ निरन्तर अभियान चलाया जा रहा है। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा आयुक्त इकबाल खान के निर्देशन में कार्रवाई लगातार जारी है। प्रदेशभर में नकली घी को लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
Updated on:
22 Jun 2024, 1:25 PM IST
Published on:
22 Jun 2024, 12:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.