
अमर जवान ज्योति गेट स्थित विंडो पर टिकट लेने पहुंचे छात्रों पर बल प्रयोग करती पुलिस (फोटो- अनुग्रह सोलोमन)
Jaipur IPL ticket booking: जयपुर: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 25 अप्रैल को एसएमएस में खेले जाने वाले मैच के स्टूडेंट टिकट गुरुवार को मिलने शुरू हुए। छात्र बुधवार देर रात से ही स्टेडियम विंडो पर डेरा जमाकर बैठ गए।
बता दें कि सुबह टिकट विंडो खुलते ही भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान धक्का-मुक्की हुई और पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। छात्रों ने कहा कि हम टिकट लेने आए थे और मार खाकर जा रहे हैं।
टिकट लेने आए एक सीए स्टूडेंट को टिकट खिड़की से यह कहकर लौटा दिया गया कि आप रेगुलर कॉलेज के विद्यार्थी नहीं हैं। उन्होंने अपना कॉलेज का पेपर भी दिखाया, पर विंडो से उन्हें टिकट नहीं दिया गया।
एक विद्यार्थी मनीष ने बताया कि वह सुबह साढ़े पांच बजे यहां आकर टिकट लाइन में लग गया। लेकिन जब उसका नंबर आया तो उससे कहा गया कि आप 2026 का आई-कार्ड लेकर आओ, जबकि अभी तक नया सेशन ही शुरू नहीं हुआ। ऐसे में वह नया कार्ड कहां से लाए।
स्कूल में पढ़ने वाले 11 वर्षीय सौम्य मीना ने कहा कि जब मैं टिकट खिड़की तक पहुंचा तो मुझे कहा गया कि स्कूल स्टूडेंट को टिकट नहीं मिलेगा, तुम छोटे हो। सौम्य ने बताया कि मेरे साथ विंडो के पास खड़े अंकल ने बदतमीजी की और भगा दिया।
जबकि मैं पैरेंट्स के साथ सुबह 5 बजे आ गया था। मैंने कार्ड भी दिखाया, फिर भी मुझे टिकट नहीं दिया, जबकि मेरे साथ खड़े एक अन्य बच्चे को टिकट दे दिया गया।
Updated on:
24 Apr 2026 09:48 am
Published on:
24 Apr 2026 09:48 am
