6 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बेस प्राइज से 31 गुना अधिक पैसे देकर खरीदा है राजस्थान रॉयल्स ने इस खिलाडी को, जाने क्यों किया ऐसा

आईपीएल-11 : राजस्थान रॉयल्स से खेलेंगे कर्नाटक के ऑफ स्पिन गेंदबाज, पिछले सत्र में मुम्बई इंडियंस में थे शामिल
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Pushpendra Singh Shekhawat

•

Updated: 14 Mar 2018, 6:41 PM IST

jaipur

मृदुला शर्मा / जयपुर। कर्नाटक के ऑफ स्पिनर कृष्णप्पा गौतम आईपीएल-11 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने को बेहद उत्साहित हैं। गुलाबीनगर में चल रहे राजस्थान रॉयल्स के तीन दिवसीय शिविर में शिरकत करने आए गौतम ने बताया कि उनके पिता राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन उनका रुझान बचपन से ही क्रिकेट की ओर रहा है। गौतम ने कहा, जब स्कूल में था तो दोस्तों को खेलते हुए देखकर मैंने भी क्रिकेट सीखने की इच्छा रखी। परिवार वालों ने सहर्ष मुझे इसकी अनुमति दे दी। पिछले सत्र में मुम्बई इंडियंस का हिस्सा रहे ऑलराउंडर गौतम को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के चलते राजस्थान रॉयल्स ने इस नीलामी में उनके बेस प्राइज 20 लाख रुपए से 31 गुना अधिक 6.20 करोड़ रुपए की भारी भरकम राशि में खरीदा है। उनके लिए बेंगलूरु रॉयल चैलेंजर्स, कोलकाता नाइटराइडर्स और मुम्बई इंडियंस ने भी बोली लगाई थी, लेकिन बाजी रॉयल्स के हाथ लगी।

हरभजन की वजह से बने ऑफ स्पिनर

लम्बे कद काठी के गौतम शुरुआत में मीडियम पेसर बनना चाहते थे, लेकिन अंडर-15 कैम्प में चयन होने पर उन्होंने भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह के एक्शन में गेंदबाजी की तो उन्हें जोनल कैम्प के लिए चुन लिया गया। उसके बाद से वह ऑफ स्पिन गेंदबाजी ही करने लगे। गौतम हरभजन को अपना आदर्श मानते हैं और उनको अपनी सफलता का श्रेय भी देते हैं। गौतम ने कहा, मुम्बई इंडियंस के कैम्प में मुझे हरभजन से काफी सीखने को मिला है।

टीम को जीत दिलाना ही एकमात्र लक्ष्य

पिछले घरेलू सत्र में शानदार प्रदर्शन के दम पर आईपीएल नीलामी में बड़ी रकम हासिल करने वाले गौतम ने कहा, मेरा एकमात्र लक्ष्य राजस्थान रॉयल्स को जीत दिलाना है। टीम दो साल बाद लीग में वापसी कर रही है, ऐसे में घरेलू और बाहरी प्रशंसकों की उम्मीदें हमसे कुछ ज्यादा होंगी। मैं उन उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा।

वार्न से सीखना है बहुत कुछ

रॉयल्स के मेंटोर शेन वार्न से मिलने को उत्साहित गौतम ने कहा, मैं दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर से बहुत कुछ सीखना चाहता हूं। मैं उनके बल्लेबाज पर आक्रमण करने के अंदाज को सीखना चाहता हूं। वह लेग स्पिनर हैं और मैं ऑफ स्पिन गेंद डालता हूं। लेकिन मैं उनकी दिमागी रणनीति को सीखना चाहता हूं जिससे वह बल्लेबाज को चकमा दिया करते थे।

टीम में आने के लिए करनी होगी कड़ी मेहनत

भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी संभावना के बारे में गौतम ने कहा, इसके लिए मुझे काफी संघर्ष करना होगा। फिलहाल भारत में आर. अश्विन, रविन्द्र जडेजा , कुलदीप यादव, युजवेन्द्र चहल व अक्सर पटेल जैसे बेहतरीन स्पिनर पहली पंक्ति में खड़े हैं और उनके बाद हमारा नम्बर आता है। देश के लिए खेलना मेरा भी सपना है, जिसे पूरा करने के लिए मुझे कड़ी मेहनत करनी होगी।

करियर रिकॉर्ड

22 प्रथम श्रेणी मैच खेले

79 विकेट झटके हैं कुल

541 रन भी बनाए

01 शतक व 2 अर्धशतक लगाए

05 विकेट ले चुके हैं पारी में 5 बार

27 ट्वंटी-20 मैच खेले

20 विकेट लिए 28.95 के औसत से

310 रन भी बनाए हैं, 2 अद्र्धशतक लगाए