
रेप पीड़िता की दास्तां : आधा दर्जन पुलिसवालों ने किया सामूहिक बलात्कार, हाथ-पैरों के नाखून नोंचे
जयपुर। सरदार शहर के गांव सोनपालसर के युवक की पुलिस हिरासत में हुई संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतक की भाभी और परिजनों ने आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों पर सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाया है। परिजनों ने दोनों ही मामले में सीबीआइ से जांच करवाने की मांग की है। पीडि़ता एसएमएस अस्पताल के ट्रोमा वार्ड में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और आंदोलन की चेतावनी दी। उधर परिजन पुलिस महानिदेशक से मिले। पुलिस महानिदेशक भूपेन्द्र सिंह ने घटना की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी है। पीडि़ता ने आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों पर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। पीडि़ता का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। हाथों और पैरों के नाखून नोंच लिए। पीडि़ता का आरोप है कि पुलिसवालों ने जबरन कुछ कागजों पर अंगूठा दस्तखत करवा लिए और बलात्कार और देवर की हत्या वाली बात किसी को नहीं बताने की धमकी दी।
भारत एकता मंच के संयोजक रोशन मुंडोतिया, राजस्थान प्रदेश नायक महासभा के जयपुर जिलाध्यक्ष बिहारी लाल नायक ने बताया कि आरोपितों पर कार्रवाई नहीं की गई तो 15 जुलाई को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उधर इस मामले में पुलिस महानिदेशक भूपेन्द्र सिंह का कहना है कि परिजन शुक्रवार को मिले थे। मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी है।
नशीला पेय पिलाकर बलात्कार
उधर सांगानेर क्षेत्र में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पेय पिलाकर बलात्कार के मामले में 19 वर्षीय पीडि़ता ने रिपोर्ट दी है। इसके अनुसार छह माह पूर्व एक दिन वह घर पर अकेली थी। तभी परिचित इमरान घर आया व कोल्ड ड्रिंक में नशीला पेय मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। फिर इमरान ने उससे बलात्कार किया और अश्लील वीडियो बना लिए। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार बलात्कार किया। बाद में पीडि़ता ने यह बात अपने पति को बताई।
Published on:
13 Jul 2019, 8:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.