
अब रेड लाइट पर नहीं थमेंगे वाहन। फोटो पत्रिका
Jaipur New Traffic System : जयपुर शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल टोंक रोड और रामबाग सर्कल पर ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने प्रायोगिकतौर पर यहां लेफ्ट फ्री टर्न की सुविधा शुरू की है, जिससे वाहन चालकों को रेड लाइट पर अनावश्यक रुकना न पड़े और ट्रैफिक का दबाव कम हो सके।
नई व्यवस्था के तहत टोंक रोड स्थित अर्जुन की मूर्ति से रामबाग सर्कल की तरफ आने वाले वाहनों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। यहां से अंबेडकर सर्कल और बाईस गोदाम की ओर मुड़ने वाले वाहन अब बिना रुकावट आसानी से निकल सकेंगे।
इसी तरह रामबाग सर्कल से जेडीए की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी मार्ग को सुगम बनाने के लिए बदलाव किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने इस व्यवस्था को फिलहाल परीक्षण के रूप में लागू किया है। चौराहे पर प्लास्टिक कोन लगाकर लेन को अलग किया गया है, ताकि वाहन चालक तय दिशा में ही चलें और अव्यवस्था न हो।
अधिकारियों के अनुसार यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो यहां स्थायी रूप से पेंसिल बैरिकेड्स लगाए जाएंगे, जिससे व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके। शुक्रवार को पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहकर वाहन चालकों को नई व्यवस्था के बारे में जानकारी दे रहे थे और उन्हें नियमों का पालन करने के लिए जागरूक कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि आमजन का सहयोग मिलने पर ही इस तरह के प्रयोग सफल हो सकते हैं।
राजस्थान पत्रिका ने 30 मार्च को 'लेफ्ट फ्री टर्न : कागजों में जंचते, चौराहों पर नहीं दिखते… रेड लाइट पर थम रहा शहर' शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर शहर के प्रमुख मार्गों के व्यस्त चौराहों की हकीकत को बताया था।
वीवीआइपी जेएलएन मार्ग और टोंक रोड जैसे प्रमुख मार्गों के चौराहों सहित अन्य जगहों पर बढ़ते जाम को लेकर सवाल उठाए थे। रामबाग सर्कल पर लागू की गई यह नई व्यवस्था उसी दिशा में एक प्रयास है।
लेफ्ट फ्री टर्न से ट्रैफिक जाम के कारण वाहन चालकों को लंबा इंतजार करना पड़ता था और पीक आवर्स में स्थिति और भी खराब हो जाती थी। अब लेफ्ट फ्री टर्न शुरू होने से उम्मीद है कि ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा। अगर यह मॉडल सफल रहता तो इसे अन्य स्थानों पर भी लागू किया जाएगा, जिससे पूरे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
योगेश गोयल डीसीपी (ट्रैफिक)
Updated on:
04 Apr 2026 07:11 am
Published on:
04 Apr 2026 07:11 am
