
प्रस्तावित सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन की पहली तस्वीर आई सामने, पत्रिका फोटो
Sundarpura Station Design: देशभर के लाखों खाटूश्याम श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में खाटूश्यामजी के निकट सुंदरपुरा में नया रेलवे स्टेशन बनाने की घोषणा की। इससे श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है। खास बात यह है कि प्रस्तावित स्टेशन की डिजाइन में खाटूश्याम मंदिर की स्थापत्य शैली की झलक भी दिखाई दे सकती है।
रेल मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित सुंदरपुरा स्टेशन खाटूश्यामजी मंदिर से करीब 11 किलोमीटर दूर हाईवे के निकट विकसित किया जाएगा। इसके बनने से बाबा श्याम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा और अधिक सुगम हो सकेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, खाटूश्याम मेले के दौरान रींगस स्टेशन पर प्रतिदिन 2.6 लाख से अधिक यात्रियों का दबाव रहता है, जो कई बार जयपुर जंक्शन के यात्रीभार से भी ज्यादा हो जाता है। स्थिति को संभालने के लिए रेलवे को 150 से अधिक फेरे स्पेशल ट्रेनें चलानी पड़ती हैं। इसी को देखते हुए रेलवे रींगस-खाटूश्याम नई रेल लाइन परियोजना पर काम कर रहा है। 17.49 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन पर सुंदरपुरा क्षेत्र में नया स्टेशन विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य मेले और विशेष अवसरों के दौरान बढ़ने वाले यात्रीभार को नियंत्रित करना है।
सूत्रों के अनुसार, सुंदरपुरा स्टेशन के निर्माण पर करीब 32 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। स्टेशन पर डबल ट्रैक और दो प्लेटफॉर्म विकसित किए जाएंगे। यात्रियों के लिए वेटिंग हॉल, टिकट बुकिंग एवं रिजर्वेशन सुविधा, क्लॉक रूम और बड़ी पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2023-24 में रींगस-खाटूश्याम नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दी थी। सर्वे और डीपीआर का कार्य पूरा हो चुका है,लेकिन भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। रेल मंत्री ने भरोसा दिलाया कि अगले 10 से 12 महीनों में आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा और स्टेशन निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। नई रेल लाइन और स्टेशन बनने के बाद देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को खाटूश्यामजी तक बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
Updated on:
22 Jun 2026 07:25 am
Published on:
22 Jun 2026 07:24 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
