10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Tirth Yatra Yojana: राजस्थान की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आज

राजस्थान की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आज है। बड़ी संख्या में बुजुर्ग योजना से जुड़ने के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन पोर्टल पर पुराने आंकड़े दिखने और सर्वर की धीमी गति ने आवेदकों की परेशानी बढ़ा दी है।

2 min read
Google source verification
Senior Citizen Pilgrimage Scheme Form

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा में आवेदन भरते बुजुर्गों का फोटो: पत्रिका

Rajasthan Senior Citizen Tirth Yatra Yojana 2026-27: 'देवस्थान विभाग की 2026-27' के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बुधवार है। प्रदेशभर के बुजुर्गों में भारी उत्साह है, लेकिन विभागीय वेबसाइट के तकनीकी झोल और सुस्त सर्वर ने आवेदकों की चिंता बढ़ा दी है। सबसे बड़ा भ्रम विभाग के ऑनलाइन डैशबोर्ड को लेकर हैं, जहां वर्तमान सत्र के बजाय पिछले साल के आंकड़े प्रदर्शित हो रहे हैं। 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना पोर्टल पर फिलहाल 1,15,024 कुल आवेदन और 1,84,015 यात्रियों का आंकड़ा दिख रहा है। हकीकत यह है कि यह संख्या गत वर्ष (2025) की है। ऐसे में आवेदक और तकनीकी विशेषज्ञ समझ नहीं पा रहे हैं कि विभाग ने पोर्टल अपडेट क्यों नहीं किया? रियल टाइम डेटा न होने से पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं और यह भी पता नहीं चल पा रहा कि इस बार किस जिले से कितने आवेदन आए हैं। मंगलवार को भी दिनभर सर्वर धीमा रहने से बुजुर्गों को फॉर्म भरने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।

6000 यात्री करेंगे हवाई मार्ग से दर्शन

योजना के तहत इस बार 50,000 वरिष्ठ नागरिकों को विशेष एसी ट्रेनों के माध्यम से देश के 15 प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जाएगी। वहीं 6,000 यात्रियों को हवाई मार्ग से नेपाल स्थित भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन का अवसर मिलेगा। देवस्थान विभाग की यह योजना बुजुर्गों को सुविधाजनक और सुरक्षित तीर्थ यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।

गत वर्ष जयपुर से आए थे सर्वाधिक आवेदन

पिछले साल जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण और दूदू जिले से कुल 17,086 बुजुर्गों ने आवेदन किया था, जिसमें अकेले जयपुर शहर से 10,534 आवेदक शामिल थे। गत वर्ष करीब 20,000 बुजुर्गों ने अयोध्या यात्रा की इच्छा जताई थी। इस बार भी रामलला के दर्शनों को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह और आकर्षण देखने को मिल रहा है। देवस्थान विभाग के अधिकारियों के अनुसार अयोध्या यात्रा के लिए सर्वाधिक पूछताछ प्राप्त हो रही है।

जून के अंतिम सप्ताह में खुलेगी लॉटरी

जून के आखिरी सप्ताह में जिलावार कोटे के अनुसार लॉटरी निकाली जाएगी और अगले महीने (जुलाई) से यात्राएं शुरू होने की उम्मीद है। आवेदन के लिए https://devasthan.rajasthan.gov.in पर क्लिक करें।

आंकड़ों के संबंध में बाद में बता सकूंगा

अभी वर्तमान आंकड़ों की तुरंत जानकारी नहीं दे सकता। रोजाना के आवेदनों का रिकॉर्ड इस तरह नहीं रखा जाता। पोर्टल के आंकड़ों के संबंध में बाद में ही कुछ बता पाऊंगा। गितेश मालवीया, अतिरिक्त आयुक्त, देवस्थान विभाग