
जयपुर। पिछले दिनों हुए व्याख्याताओं के तबादले में बहुत से व्याख्याताओं को आदेशों की प्रतीक्षा में रखा गया था। अब विभाग काउंसलिंग के जरिए इनका पदस्थापन करेगा। इसे लेकर व्याख्याता चिंतित नजर आ रहे हैं। पहले तो इनमें से अधिकतर व्याख्याताओं ने जुगाड़ लगाकर स्वयं को आदेशों की प्रतीक्षा में रखवा लिया और जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक के कार्यालय में डयुटी दी, लेकिन अब इनका वह जुगाड़ फेल हो गया। शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों ने अब इनका पदस्थापन काउंसलिंग के जरिए करने का आदेश जारी कर दिया। शिक्षा विभाग एक ओर काउंसलिंग की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर विभाग के निदेशक ही आदेशों में प्रतीक्षा वालों का पदस्थापन सीधे ही कर रहे हैं। शिक्षामंत्री और विभाग के अधिकारियों में इससे रार साफ झलक रही है।
6 जून को होगी काउंसलिंग
व्याख्याता व समकक्ष पद के कार्मिक जिन्हे आदेशों की प्रतीक्षा में रखा गया था उनकी काउंसलिंग अब 6 जून को होगी। संयुक्त निदेशक कार्मिक नूतनबाला कपिला ने इस संबंध में आदेश किए हैं। काउंसलिंग निदेशालय बीकानेर के शिविरा भवन में होगी।
पहली पारी में सुबह 9.30 बजे से अंग्रेजी, संस्कृत, जीव विज्ञान , रसायन विज्ञान, गृह विज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र, समाज शास्त्र, उर्दू और राजनीति विज्ञान की काउंसलिंग होगी।
दूसरी पारी में दोपहर 2 बजे से हिंदी, इतिहास और वाणिज्य की काउंसलिंग होगी।
तलाश रहे राजनेताओं की सिफारिश
जिन व्याख्याताओं को आदेशों की प्रतीक्षा में रखा गया था अब उनकी काउंसलिंग की जाएगी, ऐसे में वे एक बार फिर राजनेताओं की सिफारिश तलाश रहे हैं, लेकिन काउंसलिंग में सिफारिश चलना मुश्किल है।
सभी रिक्त पद दर्शाएं
व्याख्याताओं ने शिक्षा निदेशक से मांग की है कि काउंसलिंग में सभी रिक्त पद दर्शाएं जाएं। अभी तक के मामलों पर गौर करें तो विभाग काउंसलिंग में पूरे रिक्त पद नहीं दर्शाता है।
सभी रिक्त पद दर्शाएं काउंसलिंग में
शिक्षा विभाग में नित नए प्रयोग से शिक्षकों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। स्थानान्तरण में काउंसलिंग की प्रकिया से शिक्षकों को राहत तभी मिल सकती है, जब विभाग सभी रिक्त पद काउंसलिंग में दर्शाए।
विपिन प्रकाश शर्मा, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ
Updated on:
4 Jun 2018, 10:55 AM IST
Published on:
4 Jun 2018, 10:54 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.