
congress
जयपुर। राज्य सरकार के साढ़े चार साल के शासन के दौरान प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपना लिया। महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के मु्द्दे पर सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने अपने हरावल दस्ते महिला कांग्रेस को आगे कर दिया है। इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति के तहत महिला कांग्रेस मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ से महिला अधिकार यात्रा की शुरुआत करने जा रही है।
महिला कांग्रेस की महिला अधिकार यात्रा 10 सितंबर को झालावाड़ से शुरू होगी और 15 सितंबर को डूंगरपुर में जाकर समाप्त होगी। इन 6 दिनों में महिला कांग्रेस की अधिकार यात्रा कई जिलों में यात्रा के जरिए भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिलाओं के प्रति हुए अपराधों को लेकर जनता को जागरुक करने का काम करेगी।
पार्टी के जानकार सूत्रों की माने तो 10 सितंबर को झालावाड़ से शुरू होने वाली महिला अधिकार यात्रा में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सूष्मिता देव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की बात कही जा रही है।
सीएम वसुंधरा राजे के निर्वाचन क्षेत्र होने के चलते झालावाड़ में महिला अधिकार रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश महिला कांग्रेस ने अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी है। महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष रेहाना रियाज की माने तो भाजपा सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद महिलाओं और बच्चियों के प्रति अपराध बढ़े हैं। दुष्कर्म, घरेलू हिंसा, प्रताड़ना जैसे मामलों में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है।
राज्य सरकार महिलाओं के प्रति हो अपराधों को रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। इन्ही सब मुद्दों को लेकर महिला कांग्रेस महिला अधिकार यात्रा निकालने जा रही है, अधिकार यात्रा के जरिए सरकार की नाकामी को जनता के बीच लेकर जाया जाएगा।
400 ब्लॉक में जनसंपर्क अभियान 29 अगस्त से
वहीं दूसरी ओर विधासभा चुनाव के मद्देनजर सरकार को घेरने की रणनीति के इतर संगठन को मजबूती देने की कवायद भी महिला कांग्रेस ने शुरू कर दी है। प्रदेश महिला कांग्रेस ने प्रदेश को चार जोनों में बांटा है। इसके लिए चार राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर भी नियुक्त किए गए हैं।
चारों नेशनल कॉर्डिनेटर के साथ प्रदेश महिला कांग्रेस की पांच पदाधिकारियों को भी लगाया गया है। चारों चारों नेशनल कॉर्डिनेटर 29 अगस्त से लेकर 2 सितंबर तक प्रदेश के सभी 400 ब्लॉक का दौरा कर स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगी। जिले के दौरे के दौरान नेशनल कार्डिनेटर के सहयोग के लिए जिला प्रभारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं।
Published on:
27 Aug 2018 01:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
