12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गर्लफ्रेंड पर कमेंट को बर्दाश्त नहीं कर पाया आशिक, 4 दोस्तों को बुलाकर तोड़ डाला हाथ-पैर, फिर पुलिस के एक्शन से हड़कंप

जयपुर के स्वेज फार्म सर्कल पर गर्लफ्रेंड पर आपत्तिजनक कमेंट करने पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई के मामले में महेश नगर पुलिस ने देवा गुर्जर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

Apr 12, 2026

Man Assaults Over Comment on Girlfriend Calls Friends to Brutally Break Victim Limbs Police Crackdown Follows

गर्लफ्रेंड पर कमेंट बना हमले की वजह, चार आरोपी गिरफ्तार (फोटो- पत्रिका)

जयपुर: महेश नगर थाना पुलिस ने स्वेज फार्म सर्कल पर एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीटने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात की मुख्य वजह एक आरोपी की गर्लफ्रेंड पर पीड़ित की ओर से किया गया आपत्तिजनक कमेंट था।

बता दें कि इसी रंजिश में आरोपियों ने युवक पर जानलेवा हमला किया था। डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में नंदपुरी निवासी देवा गुर्जर, शिप्रापथ निवासी उमेश ठाकुर, नंदपुरी निवासी आर्यन पंवार और चित्रकूट निवासी शमी कुरैशी हैं।

घटना के संबंध में रामनगर विस्तार निवासी पीड़ित हरिशंकर शर्मा ने मामला दर्ज करवाया था। पीड़ित के अनुसार, करीब चार दिन पहले जब वह स्वेज फार्म सर्कल से गुजर रहा था, तब आरोपियों ने उसे रोककर अचानक हमला कर दिया था।

मुख्य आरोपी का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में देवा गुर्जर शातिर प्रवृत्ति का है, जिसके खिलाफ वर्ष 2024 में आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस अब यह पड़ताल कर रही है कि इस हमले में इन चारों के अलावा क्या कोई और भी शामिल था।

पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा हनीट्रैप गिरोह

जयपुर ग्रामीण की रायसर थाना पुलिस ने हनीट्रैप के मामले का महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दो महिलाओं सहित 6 बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी के 20 हजार रुपए और वारदात में प्रयुक्त दो वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दीपक कुमार ने फेसबुक के जरिए पीड़ित से मेलजोल बढ़ाया और उसका भरोसा जीत लिया। सात अप्रैल को आरोपी ने पीड़ित को मनोहरपुर छोड़ने के बहाने अपनी गाड़ी में बिठाया।

रास्ते में गठवाड़ी के पास पहले से तय साजिश के अनुसार, कार सवार अन्य साथियों ने उन्हें रोका। आरोपियों ने मारपीट कर पीड़ित का महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उसे केस में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग शुरू कर दी।

पुलिस ने पीड़ित के जरिए आरोपियों को फिर से पैसे लेने बुलाया। पुलिस की घेराबंदी देख एक आरोपी भागने लगा, जिसे टीम ने करीब 25 किलोमीटर तक पीछा कर दबोच लिया।

इनकी हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने चैनपुरा निवासी हनुमान सहाय गुर्जर, विराटनगर निवासी रामकिशन मीणा, रायसर निवासी कानाराम गुर्जर, प्रतापगढ़ अलवर निवासी दीपक कुमावत, हरियाणा निवासी दिव्या और सोडाला निवासी अन्नू देवी को गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी हेमराज सिंह ने बताया कि गिरोह के अन्य संपर्कों की जांच की जा रही है। उन्होंने अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने में सावधानी बरतें, ताकि ऐसे हनीट्रैप गिरोहों का शिकार होने से बचा जा सके।