
स्वाइन फ्लू पर घमासान, चिकित्सा मंत्री बोले, मेरे इस्तीफे से मौतें रूकती हैं तो आज ही इस्तीफा ले लो
विकास जैन / जयपुर। स्वाइन फ्लू से प्रदेश में इस साल जनवरी के पहले माह और फरवरी माह में बेलगाम मौतों के बाद भाजपा व पूर्व चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ के सरकार पर विफल रहने के आरोपों पर चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने कहा है कि मेरे इस्तीफा देने से स्वाइन फ्लू से हो रही मौतें रूकती हैं तो वे आज इस्तीफा देने को तैयार हैं। उन्होंने यह बात सोमवार को एक कार्यक्रम के बाद मीडिया के एक सवाल के जवाब में कही। शर्मा ने कहा कि जो आरोप लगा रहे हैं उनके शासन के समय पिछले साल वर्ष 2018 में प्रदेश में स्वाइन फ्लू से 225 मौतें हुई थीं। उस समय कहां गए थे। अब जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे राजनीति से प्रेरित हैं।
शर्मा ने कहा कि सराफ ने विधानसभा में कहा था कि उनके खिलाफ मामलों की जांच करा ली जाए तो अब उन्हें जांच के लिए तैयार रहना चाहिए। शर्मा ने कहा कि उन्होंने विभाग संभाल लिया है, उनके पास पिछले शासन के समय की कई अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उनकी जांच करवाई जाएगी तो सब कुछ सामने आए जाएगा। गौरतलब है कि सराफ ने स्वाइन फ्लू और उससे हो रही मौतों पर नियंत्रण में सरकार पर विफल रहने का आरोप लगाया था। इस साल जनवरी के पहले माह में भी स्वाइन फ्लू से 80 से ज्यादा मौतें हुई। वहीं फरवरी माह में भी यह सिलसिला जारी है।
Published on:
4 Feb 2019, 6:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.