
Monsoon Update : जयपुर में बारिश का दृश्य। फोटो - ANI
Monsoon Update : राजस्थान में मानसून अपनी विदाई के दौर में चल रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने 19 और 20 सितंबर को राजस्थान कु कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। शुक्रवार को भी बीकानेर सहित प्रदेश में कई जगह झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश डूंगरपुर जिले के आसपुर में 200 एमएम दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार 19-20 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों से आगामी 1-2 दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा मानसून विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
IMD के दैनिक वर्षा पूर्वानुमान के अनुसार 19 सितंबर को भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर,जयपुर और जोधपुर संभाग में बरसात की संभावना है। 20 सितंबर को कोटा, उदयपुर, अजमेर संभाग में बरसात हो सकती है वहीं 21 सितंबर को कोटा और उदयपुर संभाग में बारिश की संभावना बन रही है। 22 सितंबर को सिर्फ उदयपुर संभाग में बारिश की संभावना है जबकि 23 और 24 को प्रदेश में ज्यादातर स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में तो 20,21, 22, 23 और 24 को भी शुष्क मौसम रहने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जारी किया है।
IMD के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर दक्षिणी राजस्थान, गुजरात व आस-पास के क्षेत्र के ऊपर परिसंचरण तंत्र के रूप में अवस्थित है। साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान पर सक्रिय है। इनके प्रभाव से बीते 24 घंटों में उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश तथा भरतपुर, जयपुर, अजमेर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है।
प्रदेश में 18 सितंबर को भी कई जगह बारिश का दौर जारी रहा। प्रदेश में बीते 24 घंटों में सर्वाधिक 200 MM बारिश डूंगरपुर जिले के आसपुर में दर्ज की गई है। बीकानेर में शुक्रवार को दिनभर गर्मी रही और शाम को बदरा जमकर बरसे। कुछ देर ही सही लेकिन तेज बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
21 सितंबर से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। राजस्थान में कई स्थानों पर 2 दिन बारिश के दौर के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।
Updated on:
18 Sept 2026 09:33 pm
Published on:
18 Sept 2026 09:17 pm
