29 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Weather Update : मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी, राजस्थान में आगामी 5 दिन वेदर रहेगा शुष्क

Weather Update : राजस्थान में आगामी पांच दिन मौसम शुष्क रहेगा। ये फोरकास्ट मौसम विभाग ने जारी किया है।
2 min read
Google source verification
meteorological department prediction rajasthan next five days dry weather

Rajasthan Weather Update : जयपुर का सोमवार को हुई बारिश के बाद का दृश्य। फोटो पत्रिका

Weather Update : राजस्थान में मानसून की विदाई के बीच बारिश का दायरा अब लगातार सिमट रहा है। मौसम केन्द्र के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में अब पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद अगले पांच-छह दिनों तक भी अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने का अनुमान है। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों में लोगों को उमस और गर्मी का असर फिर महसूस हो सकता है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में बीते 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर रहा। मौसम केंद्र के अनुसार सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, भरतपुर, टोंक, करौली, चित्तौड़गढ़, सवाईमाधोपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और डीडवाना-कुचामन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक बारिश जयपुर के फागी में 52 MM दर्ज की गई।

फलौदी में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज

राजस्थान में कुछ दिन पहले ही जहां प्रदेश में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44 डिग्री के करीब तक जा पहुंचा था वहीं अब इसमें तेजी से गिरावट आई है। 29 सितंबर को लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में ज्यादातर स्थानों का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं बीते 24 घंटे में फलौदी में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सिरोही में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नैनवां में पौने तीन इंच बरसात

इधर, मंगलवार शाम बूंदी जिले के नैनवां में अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब पौने घंटे में 68 मिमी (पौने तीन इंच) बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश से शहर की सड़कों पर पानी बह निकला और निचले इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं, दहेलवालजी मेले में लगी दुकानों में पानी भरने से दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सीकर - तापमान में आया उछाल

सीकर। पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर होने के साथ ही अंचल में मौसम साफ हो गया। मौसम केन्द्रों पर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान को छोड़कर सीकर जिले में तीन-चार दिन मौसम शुष्क रहेगा। सीकर में मंगलवार सुबह से मौसम साफ रहा। दोपहर में तेज धूप के कारण दिन के तापमान में करीब एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई। शाम को हवाएं नहीं चलने से मौसम सुहाना रहा। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री और सीकर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया।