
Monsoon Update : जयपुर। राजस्थान में मानसून के अंतिम दौर में मौसम के अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। जयपुर में सोमवार सुबह से तेज धूप के बाद दोपहर को अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवा के साथ बारिश हुई। राजधानी के मालवीय नगर, जगतपुरा, सांगानेर, टोंक रोड, राजापार्क, दिल्ली रोड सहित आसपास की जगहों पर बारिश हुई। हालांकि कुछ देर बाद बारिश रुक गई और धूप हो गई।
वहीं मौसम विभाग की माने तो आगामी 48 घंटों में पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर संभाग के अधिकतर भागों से मानसून विदा होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। हालांकि पूर्वी राजस्थान के भरतपुर व कोटा संभाग में आगामी 4-5 दिन छुटपुट स्थानों पर हल्की-मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है।
यूं बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग जयपुर केद्र के मुताबिक प्रदेश में बारिश का दौर लगभग थमा रहेगा। हालांकि स्थानीय मौसमी तंत्र से कुछेक इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कोटा, उदयपुर व भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। जयपुर केन्द्र के निदेशक आर.एस. शर्मा ने बताया कि एक नया कम दबाव का क्षेत्र 23 सितंबर तक बनने की संभावना है, जिसके चलते पूर्वी राजस्थान में अच्छी बारिश हो सकती है।
औसत बारिश का आंकड़ा पार
राजस्थान में 18 सितंबर तक सामान्य से 37 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। मानसून सीजन में एक जून से मानसून समाप्ति तक 415 एमएम औसत बारिश होती है, लेकिन इस बार 18 सितम्बर तक औसतन 566.6 एमएम बारिश हो चुकी है। इस बार यह आंकड़ा पार कर चुका है।
Published on:
19 Sep 2022, 3:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.