
जयपुर। माना जाता है कि पुस्तकें सबसे अच्छा साथी होती है और सौ दोस्तों के मुकाबले एक पुस्तक आपको ज्यादा सीख देती है। ऐसे में यदि आप भी किताबों का साथ चाहते हैं तो यहां अंबेडकर सर्किल स्थित एसएमएस इंवेस्टमेंट ग्राउंड में आइए और किताबों के नयाब कलेक्शन का लुत्फ उठाइए। राजस्थान पत्रिका और आरबीडी धरोहर पब्लिकेशन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार से नेशनल बुक फेयर का आगाज हुआ है। बुक फेयर का उद्घाटन आरबीडी धरोहर पब्लिकेशन के लेखक कुंवर कनक सिंह राव, संस्कृत शिक्षा के पूर्व निदेशक कैलाश चतुर्वेदी, युवाम कॅरियर इंस्टीट्यूट के निदेशक मानसिंह शेखावत और माय मिशन इंस्टीट्यूट के निदेशक नलिन शर्मा ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
सबके लिए कुछ न कुछ
बुक फेयर में करीब 150 से अधिक स्टॉल्स हैं, जिनमें किताबों का भरपूर संग्रह है। मेले में राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों के भी प्रकाशकों ने अपनी स्टॉल्स लगाई हैं। मेले में बेस्ट सेलर्स बुक्स के साथ-साथ देश-विदेश के नामी प्रकाशकों की फिक्शन, फैंटेंसी, साइंस, टेक्नोलॉजी, प्रबंध, मेडिकल, इंजीनियरिंग, सामान्य ज्ञान, समसामयिक विषय, ड्रामा, बाल कहानियां, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित बुक्स और सीडी उपलब्ध हैं। यहीं नहीं बुक फेयर में विभिन्न साहित्यकारों से रूबरू होने का मौका भी मिल रहा है। साथ ही महिलाओं के लिए विशेष सौन्दर्य, स्वास्थ्य, कसरत, रैसेपीज, डिजाइनिंग, मदर-चाइल्ड केयर, प्रबंधन, घरेलू उद्योग आदि विषयों की बुक्स स्टॉल्स पर उपलब्ध हैं।
प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका
फेयर में गुरुवार को नि:शुल्क चित्रकला प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता दो वर्गों में होगी, जूनियर वर्ग में 8वीं कक्षा तक के स्टूडेंट्स हिस्सा ले सकेंगे, जिसका विषय स्वच्छ पर्यावरण होगा। साथ ही सीनियर वर्ग में 9वीं से 12वीं कक्षा तक के स्टूडेंट्स पार्टिसिपेट करेंगे, जिनका विषय राजस्थान के एतिहासिक रखा जाएगा। इसके अलावा फेयर में और भी कई प्रतियोगिताएं होगी। प्रतियोगिता के दोपहर एक से शाम छह बजे तक मेला स्थल पर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
Published on:
29 Nov 2017, 5:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.