
CA Neeraj Udhwani funeral LIVE Update: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए जयपुर के नीरज उधवानी का आज झालाना स्थित मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौसान पत्नी आयुषी, बड़े भाई किशोर उधवानी सहित परिजन और रिश्तेदारों के अलावा हजारों लोग मौजूद रहे। पत्नी आयुषी चिता के पास हाथ जोड़कर खड़ी रही। वहीं, अंतिम संस्कार के वक्त हर किसी की आंखें नम थी।
इससे पहले अंतिम दर्शन के लिए नीरज के शव को मॉडल टाउन (मालवीय नगर) स्थित फॉरेस्ट व्यू रेजीडेंसी में रखा गया। जहां पर सीएम भजनलाल शर्मा, पूर्व सीएम अशोक गहलोत सहित बीजेपी-कांग्रेस के तमाम नेता नीरज को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे। बता दें कि 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में मारे गए जयपुर के सीएम नीरज उधवानी (33) का शव बुधवार रात जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा था। जहां पर उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत भाजपा-कांग्रेस के कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी थी।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, डिप्टी सीएम दिया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, संसदीय कार्यमंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा सहित बीजेपी—कांग्रेस के कई नेता श्रद्धांजलि देने के लिए नीरज के घर पर पहुंचे।
24 Apr 2025, 10:08 AM IST
जयपुर के झालाना स्थित मोक्षधाम में नीरज उधवानी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पत्नी आयुषी, बड़े भाई किशोर उधवानी सहित हजारों लोग मौजूद रहे। आयुषी चिता के पास हाथ जोड़कर खड़ी रही और रोती रही।

24 Apr 2025, 10:03 AM IST
झालाना मोक्षधाम में अंतिम संस्कार से पहले पत्नी आयुषी अपने पति नीरज उधवानी के शव को देखकर फूट—फूटकर रोती रही। परिजन उन्हें लगातार सांत्वना दे रहे है। लेकिन, उनके आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे है। वहीं, नीरज के बड़े भाई किशोर अंतिम संस्कार से पहले के होने वाले विधि-विधान में लगे हुए थे।
24 Apr 2025, 9:53 AM IST
नीरज उधवानी की पार्थिव देह को झालाना के मोक्ष धाम लाया गया है। यहां विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया जाएगा। नीरज की अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान हर किसी की आंखें नम थी।

24 Apr 2025, 9:38 AM IST
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए नीरज की तस्वीर पर फूल-माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद स्पीकर वासुदेव देवनानी ने नीरज की मां ज्योति से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
24 Apr 2025, 9:21 AM IST
पहलगाम आतंकी हमले के शिकार नीरज उधवानी को अंतिम श्रद्धांजलि देने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार उनके परिवार के साथ खड़ी हैं। केंद्र ने कड़े फैसले लिए हैं, लेकिन ऐसे और फैसलों की जरूरत है।
24 Apr 2025, 9:10 AM IST
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए नीरज उधवानी के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान नीरज के परिजन फूट-फूटकर रोते रहे। सीएम भजनलाल ने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।
24 Apr 2025, 9:05 AM IST
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए नीरज उधवानी के आवास पर मौजूद पूर्व सीएम अशोक गहलोत, टीकाराम जूली और गोविंद सिंह डोटासरा।
24 Apr 2025, 9:02 AM IST
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए नीरज उधवानी को श्रद्धांजलि देने के लिए सीएम भजनलाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एक साथ पहुंचे।
24 Apr 2025, 8:56 AM IST
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए नीरज उधवानी के घर पर मौजूद डिप्टी सीएम दिया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा और मंत्री जोगाराम।

24 Apr 2025, 8:54 AM IST
नीरज को श्रद्धांजलि देने के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित बीजेपी और कांग्रेस के कई नेता पहुंचे।

24 Apr 2025, 8:42 AM IST
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए नीरज को श्रद्धांजलि देने के लिए मॉडल टाउन पहुंची डिप्टी सीएम दिया कुमारी।
24 Apr 2025, 8:39 AM IST
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए नीरज को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके घर पर पहुंचे डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा।

24 Apr 2025, 8:35 AM IST
नीरज के घर के बाहर डेढ़ सौ से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
24 Apr 2025, 8:34 AM IST
नीरज की पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए गुरुवार सुबह 9 बजे झालाना स्थित मोक्षधाम ले जाया जाएगा।
24 Apr 2025, 8:32 AM IST
कुछ ही देर में सीएम भजनलाल शर्मा नीरज को श्रद्धांजलि देने उनके घर जाएंगे।
24 Apr 2025, 8:30 AM IST
आतंकी हमले में मारे गए जयपुर के सीए नीरज उधवानी के घर के बाहर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी है। वहीं, रातभर से रिश्तेदार और पड़ोसी मौजूद है। यहां पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
24 Apr 2025, 8:28 AM IST
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में मारे गए जयपुर के सीए नीरज उधवानी का आज अंतिम संस्कार होगा।
24 Apr 2025, 8:28 AM IST
नीरज की पार्थिव देह के साथ पत्नी आयुषी, बड़े भाई किशोर, भाभी शुभि भी आए।
24 Apr 2025, 8:27 AM IST
रात 8 बजकर 50 मिनट पर पुलिस सुरक्षा के बीच नीरज की पार्थिव देह फॉरेस्ट व्यू रेजीडेंसी पहुंची, सीधे ही पुलिस ने अंदर प्रवेश कराया और रेजीडेंसी का मुख्य गेट बंद कर दिया। इस बीच सैनिक कल्याण मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी पहुंचे और सीधे रेजीडेंसी में चले गए।
24 Apr 2025, 8:13 AM IST
बुधवार देर रात नीरज का शव जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा। जहां पर उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत भाजपा-कांग्रेस के कई नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।