
राज्य सरकार उदयपुर की देवास परियोजना से अतिरिक्त पानी को बीसलपुर बांध तक लाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसके संकेत दिए हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय से रविवार को विकसित भारत संकल्प पत्र सुझाव यात्रा रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि अरब सागर में जा रहे पानी को सहेजने के लिए उदयपुर में देवास परियोजना के तीसरे और चौथे चरण की शुरुआत की गई है। इससे उदयपुर, राजसमंद और चित्तौड़गढ़ को पानी मिलेगा। बारिश का पानी ज्यादा आता है तो अतिरिक्त पानी बीसलपुर बांध तक ला सकते हैं। प्रदेश के हर हिस्से में पानी की किल्लत दूर करने पर काम होगा। उन्होंने कहा कि तहसील और जिलों के विकास के लिए जल्द बड़ी योजनाएं लाने पर भी काम चल रहा है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, भाजपा नेता राजेन्द्र राठौड़, सतीश पूनिया सहित कई नेता शामिल हुए।
मिस्ड कॉल नम्बर से बताया- तीसरी बार मोदी सरकार
भाजपा ने विकसित भारत संकल्प पत्र सुझाव के लिए मिस्ड कॉल नम्बर 9090902024 जारी किया है। सीएम भजनलाल शर्मा और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने बताया कि तीन बार 90 संख्या है और उसके आगे 2024 है, इसका मतलब है कि इस साल तीसरी बार मोदी सरकार को रिपीट करना है। हर व्यक्ति को यही समझाना है।
कार्यकर्ता का कद बड़ा, जानते हैं पीएम
सीएम ने पार्टी में कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता दिन रात मेहनत करता है। उसी के कारण भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। कार्यकर्ता की भूमिका को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जानते हैं।
संकल्प पत्र के लिए लेंगे सुझाव, क्षेत्र में जाएंगे एलईडी रथ
पार्टी ने संकल्प पत्र सुझाव के लिए एलईडी रथ रवाना किए। ये रथ प्रदेश के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों में जाएंगे। इस पर एलईडी स्क्रीन लगी है। प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने बताया कि इसके जरिए मोदी सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रसारित होगी ही। साथ ही घोषणा पत्र के लिए आमजन के सुझाव की जरूरत को भी समझाया जाएगा। रथ में सुझाव पेटिका भी है।
Published on:
04 Mar 2024 12:19 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
