
अमृत भारत ट्रेन। फाइल फोटो- पत्रिका
जयपुर। जयपुर के खातीपुरा स्टेशन से दरभंगा के लिए आज से नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है। जिससे दोनों शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शाम 4 बजे खातीपुरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नई ट्रेन शुरू होने से राजस्थान, यूपी और बिहार तक सफर करने वालों को सीधा फायदा होगा। इसके अलावा रेल मंत्री खातीपुरा से वर्चुअल माध्यम से उत्तर पश्चिम रेलवे के 41 छोटे और मध्यम श्रेणी के स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म, प्लेटफॉर्म विस्तार एवं उन्नयन कार्यों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही 16 स्टेशनों पर स्थापित एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली (आईपीआईएस) का भी शुभारंभ करेंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि नई अमृत भारत एक्सप्रेस रविवार को उद्घाटन स्पेशल के तौर पर चलेगी। यह ट्रेन नंबर 09711 के रूप में चलेगी और खातीपुरा से शाम 4:00 बजे रवाना होकर सोमवार को शाम 6:55 बजे दरभंगा पहुंचेगी। ट्रेन के संचालन के लिए जयपुर मंडल को अमृत भारत एक्सप्रेस की तीन नए रैक मिले है। यह ट्रेन में छह दिन संचालित होगी। इसका रखरखाव और संचालन नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे ज़ोन करेगा।
ट्रेन संख्या 19725 खातीपुरा (जयपुर)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस 22 जून से शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन रात 10:30 बजे खातीपुरा से रवाना होगी और तीसरे दिन रात 12:55 बजे दरभंगा पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 19726 दरभंगा-खातीपुरा (जयपुर) अमृत भारत एक्सप्रेस 23 जून से रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह 4:30 बजे दरभंगा से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
खातीपुरा और दरभंगा के बीच चलने वाली अमृत भारत ट्रेन का 23 रेलवे स्टेशनों पर ठहराव होगा। जिनमें राजस्थान के दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुआ रोड, भरतपुर स्टेशन शामिल है। इसके अलावा इस ट्रेन का ईदगाह आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, ऐशबाग, गोमती नगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कामतौल रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होगा। इस ट्रेन के चलने से तीन राज्यों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लाखों यात्रियों को फायदा होगा।
नई अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच होंगे। इनमें 8 स्लीपर कोच, 11 जनरल कोच, एक पेंट्रीकार तथा दो पार्सल सह पावरकार शामिल हैं। ट्रेन में यात्रियों की सेफ्टी का विशेष ध्यान रखा गया है। एंट्री गेट पर तीन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा प्रत्येक कोच में छह सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है।
Updated on:
21 Jun 2026 11:55 am
Published on:
21 Jun 2026 11:55 am
