
राष्ट्रपति बनने के बाद रामनाथ कोविंद रविवार को प्रदेश के दो दिवसीय दौर पर जयपुर पहुंचे। बिड़ला सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह में कोविंद ने राजस्थान की भूरि—भूरि प्रशंसा की और सभागार में मौजूद लोगों को राष्ट्रपति भवन आने का न्यौता दिया। कोविंद ने राजस्थान भाषा में कहा कि आन—बार शान की धरा राजस्थान मैं आर म्हाने घणी खुशी हो री छै।
कोविंद ने कहा कि राजस्थान हमेशा मेरे स्मृति पटल मे रहता है। राष्ट्रपति भवन में जयपुर काॅलम लगा हुआ है जाे हमेशा राजस्थान की यादें ताजा रखता है। राष्ट्रपति भवन के निर्माण में राजस्थान का विशेष योगदान रहा है। इस भवन में जैसलमेर—मकराना के पत्थर लगे हैं। उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री के साथ हुई चाय पार्टी का उल्लेख करते हुए कहा कि चाय पीने के बाद इजरायली प्रधानमंत्री ने मुझसे पूछा कि यह चाय भारत में बनी है क्या तो मैंने उत्तर दिया भारत में बनी है और विशेष तौर पर राजस्थान से आई है। सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि राजस्थान हमें बीमरू मिला था, लेकिन हमने साढ़े चार साल में यहां की दशा को सुधारा है। जयपुर स्मार्ट सिटी बनता जा रहा है। अगस्त, 2018 तक रिंग रोड और अमानीशाह नाला की लोगों को सौगात मिलेगी। राज्यपाल कल्याण सिंह राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रपति की पत्नी, गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, महापौर अशोक लाहोटी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी, स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ, उच्च शिक्षामंत्री किरन माहेश्वरी, मुख्य सचिव डी.बी. गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे। राष्ट्रपति कल अजमेर जाएंगे।
पुरानी स्मृतियां ताजा हो गई
कोविंद ने कहा कि राजस्थान में आकर मेरी पुरानी स्मृतियां ताजा हो गई। यहां कई जिलों का मैंने दौरा किया है। यहां की वीरता की गाथाएं पूरे विश्व में अलग पहचान रखती हैं। यहां राणा सांगा, पृथ्वीराज चौहान, महाराणा प्रताप जैसे रणबांकुरे हुए हैं। इनकी गाथाओं ने भारतीय समाज को नई दिशा दिखाई।
तीन योजनाओं की शुरुआत
राष्ट्रपति ने राज्य सरकार की तीन महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया। कोविंद ने सुंदर सिंह भंडारी EBC स्वरोजगार योजना, भैरोसिंह शेखावत स्वरोजगार अंत्योदय योजना और एससी-एसटी,दिव्यांग और सफाई कर्मचारी के दो लाख रूपए तक के बकाया ऋण और ब्याज मुक्ति योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान राष्ट्रपति का नागरिक अभिंनदन किया गया।
राष्ट्रपति को गार्ड आॅफ आॅनर
इससे पहले सुबह राष्ट्रपति का जयपुर पहुंचने पर हवाई अड्डे पर राज्यपाल कल्याण सिंह और मुख्यमंत्री वसुंरा राजे ने पुष्प भेंट कर स्वागत किया। राष्ट्रपति को गार्ड आॅफ आॅनर प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर राज्यमंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी सहित अनेक गणमान्य नागरिकगण मौजूद थे। राजभवन पहुंचने पर राज्यपाल के सचिव देबाशीष पृष्टि और राज्यपाल के विशेषाधिकारी डाॅ. अजय शंकर पाण्डेय ने राष्ट्रपति का पुष्प भेंट कर स्वागत किया।
Published on:
13 May 2018 09:21 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
