
शेखावत का विवादित बयान : कांग्रेस का प्रत्येक सदस्य कुंठा का शिकार, या फिर मानसिक बीमारी से ग्रसित
शादाब अहमद / जयपुर। केन्द्रीय मंत्री और चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक गजेन्द्र सिंह शेखावत ने विवादित बयान देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं को मानसिक बीमार और कुंठित बताया। शेखावत ने यह बयान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव शुक्ला के भाजपा पर राजस्थान को बीमारू राज्य बनाने के आरोप के जवाब में दिया।
शेखावत गुरुवार को मीडिया सेन्टर में पत्रकारों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शुक्ला ने राजस्थान को बीमारू राज्य बनाने का आरोप भाजपा पर लगाया है। उन्होंने कहा कि झूठ को बार-बार बोलकर उसको पांव पर खड़े करने की नीति पर कांग्रेस चल रही है। इसी नीति के तहत शुक्ला ने राजस्थान को लेकर भाजपा पर आरोप लगाए हैं। शुक्ला को राजस्थान की जानकारी ही नहीं है और वह कह रहे हैं भाजपा ने राजस्थान को बीमारू राज्य बना दिया। जबकि इन पांच सालों में हमने बीमारू से निकाल कर प्रगति पर ले गए हैं। इन पांच साल में कांग्रेस बीमारू पार्टी बन गई है और एक मानसिक बीमारी से ग्रस्त हो गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता झूठ को सच साबित करने के लिए झूठ को बार-बार बोल रहे हैं। एक ही झूठ को एक तरह से नहीं बोल रहे हैं अलग-अलग तरह से बोल रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अलग-अलग बैठकों में अलग-अलग आंकड़ा बताते हैं। 500 करोड़ से शुरू होकर 750 करोड़ तक ले जाते हैं। जब उनसे गलती होती है तो उसके बाद यह कहते हैं कि उनसे भूल हो गई है। मुझे लगता है कि उनकी पार्टी का प्रत्येक व्यक्ति और सारे नेता जिस तरह की बयानबाजी और अर्नगल बातें करते हैं, उससे लगता है कि वह कुंठा या किसी मानसिक बीमारी से ग्रस्त है।
Updated on:
01 Nov 2018 05:50 pm
Published on:
01 Nov 2018 05:50 pm
