Rajasthan Elections 2023 : राजस्थान विधानसभा चुनाव बेहद करीब हैं। 25 नवम्बर को राजस्थान चुनाव के लिए वोटिंग होगी। सिर्फ 22 दिन ही बाकी हैं। 23वें दिन मतदान होगा। राजस्थान की भाजपा की बहुप्रतीक्षित तीसरी लिस्ट का एलान किया गया। इस लिस्ट में 58 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। इस लिस्ट में राजस्थान की सबसे हॉट सीट सरदारपुरा से भाजपा ने महेंद्र सिंह राठौड़ टिकट दिया है। सरदारपुरा सीट जीतने को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति तैयार की है। इस सीट पर हर हाल में भाजपा विजय की पताका लहराना चाहती है। पिछले 25 साल से सीएम अशोक गहलोत सरदारपुरा सीट से जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचते आ रहे हैं। पर इस बार सरदारपुरा पर बड़ा मुकाबला होगा।
इससे पूर्व तीसरी लिस्ट के लिए भाजपा के शीर्ष व राजस्थान प्रदेश नेतृत्व को काफी माथापच्ची करनी पड़ी। बुधवार शाम को भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक भाजपा मुख्यालय दिल्ली में हुई। इस बैठक में पीएू नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के अन्य नेता बैठक में उपस्थित रहे। राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में बची हुई 76 सीटों के टिकटों पर विचार-विमर्श के बाद सूची को अंतिम रूप दिया गया। 6 नवंबर तक नामांकन होने हैं। सिर्फ चार दिन ही बाकी हैं।