
IMD Big Alert : राजस्थान में मानसून की एंट्री 25 जून को हो चुकी है। अब आगामी दिनों के लिए IMD ने की जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में मानसून के आगमन के साथ ही मौसम सुहाना बना हुआ है। राजधानी जयपुर समेत कई जिलों के अधिकतम तापमान में खासा कमी दर्ज की गई। अब आगामी दिनों के लिए मौसम विभाग ने बड़ा अपडेट जारी किया है। राजस्थान के कई जिलों में आगामी चार दिन झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के उदयपुर और जयपुर संभाग में आज मध्यम से तेज वर्षा होने की संभावना है। कई जगह भारी बारिश भी हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर इलाके में बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार 3 जुलाई से राजस्थान के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती है। भरतपुर, जयपुर, उदयपुर और कोटा के कुछ भागों में 3, 4 और 5 जुलाई को तेज बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 व 6 जुलाई के बीच उत्तर - पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर विभाग में मानसून पहुंच सकता है ऐसे में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की प्रबल संभावना जताई गई है।
मानसून का पहला महीना खत्म हो चुका है। राजस्थान में एक जून से लेकर एक जुलाई तक बारिश का औसत 58 मिलीमीटर है, जबकि अब तक 54.6 मिलीमीटर बारिश हुई है यानी 6 प्रतिशत कम बरसात हुई है। प्रदेश के 33 जिलों में से 20 में औसत से कम बारिश हुई है। 11 जिलों में औसत से अधिक बारिश जबकि दो जिलों में औसत बारिश है। मौसम विभाग के अनुसार जुलाई में भी अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। मानसून के तीन महीने अभी शेष हैं।
जून में सर्वाधिक बारिश पूर्वी राजस्थान में हुई है। सर्वाधिक मेघ धौलपुर व भरतपुर में बरसे जबकि पश्चिमी राजस्थान सूखा रहा। पश्चिमी राजस्थान के 10 जिलों में से 8 जिलों में औसत से कम बारिश है। दोनों पड़ोसी जिलों बीकानेर और हनुमानगढ़ सूखे हैं। उधर, प्रदेश में सोमवार को मानसून के बादलों ने कहीं मेहरबानी की तो कहीं उमस से लोग बेहाल रहे। बांसवाड़ा व आसपास इलाकों में बारिश हुई।
जोधपुर में एक जून से एक जुलाई तक 5 प्रतिशत कम बारिश हुई है। जोधपुर में इस दौरान बारिश का औसत 40.9 मिमी है, जबकि 38.8 मिमी बारिश हुई है यानी 95 प्रतिशत टारगेट पूरा हो गया। यह टारगेट एक ही दिन में 27 जून को पूरा हो गया था, जब मानसून ने शहर के ऊपर से गुजरते हुए 33.6 मिमी पानी बरसाया।
Updated on:
2 Jul 2024, 3:48 PM IST
Published on:
2 Jul 2024, 3:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.