राजस्थान में पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के दौरान नियुक्त राजीव गांधी युवा मित्रों का आंदोलन गरमाने लगा है। नौकरी बहाली की मांग को लेकर कुछ महिला मित्र कुछ दिनों से कैबिनेट मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा के जयपुर स्थित आवास के बाहर पड़ाव डाले बैठने को मजबूर हो गए। सोमवार देर रात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इन महिला मित्रों को वहां से खदेड़ने की कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस इन महिला मित्रों को वहां से अपने वाहनों में बैठाकर अन्यत्र स्थान पर ले गई। फिलहाल पुलिस की इन महिला मित्रों पर कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है।