
Rajasthan Police Boycotted Holi: प्रदेशभर के कई जिलों में राजस्थान पुलिस के जवानों ने इस बार होली के जश्न से दूरी बनाकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। वेतन विसंगति, मैस भत्ता, साप्ताहिक अवकाश और प्रमोशन जैसी लंबित मांगों पर सरकार की अनदेखी से नाराज पुलिसकर्मियों ने होली के जश्न का बहिष्कार कर दिया। इधर, कैबिनेट मंत्री कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने पुलिसकर्मियों से होली मनाने की अपील की है।
दरअसल, हर साल धुलंडी के अगले दिन पुलिस लाइन और थानों में पुलिसकर्मी रंग-गुलाल उड़ाते, गीत-संगीत पर झूमते नजर आते थे, लेकिन इस बार कई जिलों में सन्नाटा पसरा रहा। राजधानी जयपुर सहित उदयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, हनुमानगढ़़, राजसमंद सहित कई जिलों में पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से होली नहीं खेली। वहीं करौली, भरतपुर और कोटा में पुलिसकर्मी होली खेलते नजर आए।
भजनलाल सरकार में कैबिनेट मंत्री कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने पुलिसकर्मियों से होली मनाने की अपील की। उन्होंने अपने ऐक्स हैंडल पर लिखते हुए कहा कि होली ऐसा वार्षिक पर्व है, जो आनंदप्रदायक है। यह शिष्टों द्वारा आचारित है, अतः इसका पालन और इस पर उत्सव आयोजित करना धर्म है। प्रदेश के पुलिसकर्मियों से आग्रह है कि आपकी जो भी मांगें हैं, वह मुख्यमंत्री तक पहुंचा कर पूर्ण कराऊंगा। आप सभी विपरीत परिस्थितियों में सदा जनसेवा में प्रतिबद्ध पुलिसकर्मियों से विनम्र आग्रह है कि वे वैदिक पर्व होली पूरे उल्लास के साथ मनाएं।
अब किरोड़ी लाल मीणा के इस बयान को सियासी गलियारों में उनकी सरकार से नाराजगी और मुख्यमंत्री पर दबाव बनाने के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
राजस्थान पुलिस के जवानों ने सरकार से चार प्रमुख मांगें की हैं-
1.समय पर प्रमोशन: अन्य विभागों की तरह पुलिस में भी DPC ( डिपार्मेंटल प्रमोशन कमेटी) के तहत प्रमोशन हो।
2. वेतन विसंगति दूर की जाए: अन्य सरकारी विभागों की तुलना में पुलिसकर्मियों का वेतनमान कम है।
3. साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था: अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह साप्ताहिक अवकाश मिले।
4. मैस भत्ता बढ़ाया जाए: पुलिसकर्मियों को बेहतर भोजन और सुविधाएं मिलें।
गौरतलब है कि राजस्थान में पुलिसकर्मी लंबे समय से प्रमोशन और वेतन विसंगति की मांग कर रहे हैं। इस बार के विधानसभा के बजट सत्र में भी यह मामला उठा था, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। यही वजह है कि इस बार पुलिसकर्मियों ने होली का बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराया।
Updated on:
15 Mar 2025, 1:18 PM IST
Published on:
15 Mar 2025, 1:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.