
Rajasthan PRE BSTC Result 2018 Announced: check result here
जयपुर। गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा की ओर से आयोजित प्री-बीएसटीसी का परिणाम आज शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने शिक्षा संकुल में जारी किया। परिणाम में जालोर के जयराम ने टॉप किया है। जयराम ने इस परीक्षा में 594 अंकों में से 515 अंक हासिल करते हुए टॉप किया है। वहीं बाड़मेर की पूजा गौड़ दूसरे स्थान पर रहीं हैं। पूजा ने 495 अंक हासिल किए हैं।
टोंक का रहा दबदबा
संस्कृत में टोंक जिले के सुरेश कुमार सैनी ने प्रथम स्थान पर व प्रिया चौधरी द्वितीय स्थान पर रहे। प्रिया भी टोंक जिले की ही हैं। अल्पसंख्यक वर्ग में टोंक जिले की समन जिया 452 अंकों के साथ प्रथम स्थान पर और दूसरे स्थान पर अजमेर जिले के ही मुहिम खान रहे। प्री— बीएसटीसी की परीक्षा में टोंक जिले का दबदबा रहा। संस्कृत में प्रथम दोनों स्थान पर टोंक जिले के ही अभ्यर्थी रहे। वहीं अल्पसंख्यक वर्ग में भी प्रथम स्थान पर टोंक की समन जिया ही रहीं।
20 हजार 920 सीटों पर मिलेगा प्रवेश
गौरतलब है कि प्री-बीएसटीसी परीक्षा में प्रदेशभर से 6 लाख 52 हजार 257 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। उनमें से 6 लाख 3 हजार 55 ने परीक्षा दी थी। यह परीक्षा 20 हजार 920 सीट्स में प्रवेश के लिए हुई है। परीक्षा गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय बांसवाड़ा की ओर से आयोजित हुई थी।
इस बार अंक 594
इस बार परीक्षार्थियों के 600 की बजाए 594 अंकों में से अंक आए। सर्वाधिक अंक जालोर के जयराम के 515 रहे। दो प्रश्न गलत होने की वजह से डीलीट किए गए थे।
परीक्षा में हुआ था नवाचार
गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय बीएसटीसी परीक्षा में इस बार एक नवाचार किया गया। 6 मई को हुई परीक्षा में परीक्षार्थियों को ओएमआर शीट पर उसके फोटो और हस्ताक्षर के साथ ही इस बार रोल नंबर, नाम, पिता और माता का नाम भी प्रिंटेड मिला। इस नवाचार को परीक्षार्थियों का समय बचाने और परीक्षा में नकल रोकने के लिए शुरू किया गया है।
साइट पर परिणाम देखने में परेशानी
गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा की ओर से प्री—बीएसटीसी का परिणाम जारी करने के बाद विश्वविद्यालय की अधिकारिक वेबसाइट हैंग होने की कई जगह से शिकायतें आई। सर्वर पर एक साथ लोड बढ़ने से ऐसा हुआ बताया गया। विद्यार्थी परिणाम देखने के लिए परेशान हुए।
Updated on:
06 Jun 2018 01:37 pm
Published on:
06 Jun 2018 01:12 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
