
फोटो - AI
NEET Re-Exam Update : राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ ने 21 जून को प्रस्तावित नीट पुनर्परीक्षा की तिथि पर पुनर्विचार करने की मांग की है। संघ ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजकर बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस होने के कारण स्कूलों, कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में उसी दिन परीक्षा होने से व्यवस्थाएं बुरी तरह से प्रभावित होंगी।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा, प्रदेश महामंत्री दीपक ठक्कर और मुख्य महामंत्री महेंद्र पांडे की ओर से भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा निरस्त होने के बाद अब पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को कराने की बात सामने आई है। चूंकि इस दिन पूरे देश में योग दिवस के आयोजन होते हैं और शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य रहती है, इसलिए तिथि में बदलाव जरूरी है।
ज्ञापन में तर्क दिया गया है कि नीट परीक्षा के लिए स्कूलों और कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जाता है और शिक्षकों को वीक्षक (इनविजिलेटर) नियुक्त किया जाता है। ऐसी स्थिति में शिक्षक योग दिवस के कार्यक्रमों में भाग नहीं ले पाएंगे और शिक्षण संस्थानों में प्रस्तावित आयोजन भी प्रभावित होंगे।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) नई दिल्ली की ओर से नीट यूजी 2026 का पुनः आयोजन 21 जून को किया जाएगा। यह सूचना एनटीए के आधिकारिक एक्स चैनल से शुक्रवार को जारी की गई। एजेंसी ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है। नीट के लिए 22.79 लाख विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन पहले से हो रखा है। एनटीए की ओर से फिलहाल परीक्षा केंद्रों को लेकर विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि 3 मई को आयोजित परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को आवंटित केंद्रों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
एनटीए ने हाल ही नीट यूजी 2026 में पंजीकृत एवं सम्मिलित विद्यार्थियों की रजिस्ट्रेशन फीस रिफंड किए जाने की घोषणा की थी। अब लगभग 22.79 लाख विद्यार्थी फीस वापसी का इंतजार कर रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, जनरल, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग के विद्यार्थियों की औसत रजिस्ट्रेशन फीस करीब 1400 रुपए प्रति विद्यार्थी रही है। इस हिसाब से विद्यार्थियों से लगभग 319 करोड़ रुपए जमा हुए हैं, जिन्हें एजेंसी को वापस करना होगा। हालांकि फीस रिफंड की प्रक्रिया कब शुरू होगी, इसे लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी जारी नहीं की गई है।
21 जून को हर साल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।यह दिन उत्तरी गोलार्ध में वर्ष का सबसे बड़ा दिन (ग्रीष्म अयनांत) भी होता है, जिस दौरान सूर्य की किरणें कर्क रेखा पर सीधी पड़ती हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 (12वां संस्करण) की थीम "स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति के लिए योग" (Yoga for Wellness, Wisdom, and World Peace) है। यह विषय शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्पष्टता और वैश्विक सद्भाव के बीच संतुलन बनाने के योग के महत्व को उजागर करता है।
Updated on:
16 May 2026 10:21 am
Published on:
16 May 2026 08:24 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
