
rajasthan weather update
जयपुर। राजस्थान में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। माउंट आबू में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस पर रहा। वहीं शेखावाटी में पिछले दो दिन से सर्दी लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश में माउंट आबू के बाद सीकर और चूरू जिला प्रदेश में सबसे सर्द रहा। उत्तरी हवाएं चलने के कारण गलन ने ठिठुरा दिया। अलसुबह से सुबह करीब सात बजे कोहरा छाया। मौसम साफ होने के साथ धूप तो निकली लेकिन उत्तरी हवाओं के कारण ठिठुरन रही। शाम होते ही सर्दी बढ़ने लगी। इधर, मौसम विभाग के अनुसार बर्फबारी के बाद उत्तरी हवाएं चलने से आगामी दिनों में मैदानी इलाकों में सर्दी तेज होगी।
माउंट आबू में कड़ाके की सर्दी
माउंट आबू. पर्यटन स्थल माउंट आबू की वादियां इन दिनों कड़ाके की सर्दी से कांप रही हैं। सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस पर रहा। अधिकतम तापमान में मामूली सा इजाफा होने से 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सवेरे सोलर प्लेटों, आवासीय भवनों की छतों, जलाशयों के किनारे, बाग-बगीचों में खिले फूलों, पेड़-पौधों के पतों, पोलो ग्राउंड, खुले मैदानों, रात को खुले में पार्क किए गए वाहनों की छतों पर बर्फ की परत जम गई।
विक्षोभ बढ़ाएगा सर्दी
मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा। बर्फबारी के बाद चलने वाली उत्तरी हवाओं के कारण सर्दी तेज होगी। 12 दिसम्बर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिसके कारण उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। उत्तरी हवाएं चलने से रबी की फसलों को फायदा होगा।
Updated on:
05 Dec 2022 07:22 pm
Published on:
05 Dec 2022 07:21 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
