
एआई तस्वीर
जयपुर। न्यू सांगानेर रोड स्थित सुधा एनक्लेव में मंगलवार को संकरे रास्ते से ट्रेवल बस निकालने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया, जिसमें एसबीआइ के सेवानिवृत्त अधिकारी 67 वर्षीय बिजेन्द्र सिंह की मौत हो गई। घटना पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में आरोपी दम्पती और बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक के बेटे रजत सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि ट्रेवल व्यवसाय से जुड़े स्थानीय निवासी छोटेलाल माली की पत्नी रेखा अपने बेटे और एक ट्रेवल चालक के साथ संकरे रास्ते से बस निकालने का प्रयास कर रही थी। इस दौरान मकान मालिक पक्ष ने दीवार को नुकसान होने की आशंका जताते हुए बस को बड़े रास्ते से ले जाने के लिए कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपी पक्ष झगड़ा करने लगा।
रजत ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके पिता से कहासुनी कर मारपीट शुरू कर दी। जब उसने बीच में आकर विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बिजेन्द्र सिंह को आरोपियों ने धक्का दे दिया, जिससे वे सड़क पर गिरकर अचेत हो गए। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम से घटनास्थल का मुआयना कराया गया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रजत सिंह ने पत्रकार कॉलोनी थाने में पिता की हत्या के संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजेन्द्र सिंह के जमीन पर अचेत पड़े होने के बावजूद आरोपी दम्पती मौके पर हंगामा करते रहे। इस दौरान परिजन और स्थानीय लोग उन्हें संभालने में लगे रहे। परिजनों ने बताया कि बिजेन्द्र सिंह मूल रूप से अलवर के निवासी थे और तीन दिन पहले ही बेटे-बहू के पास जयपुर आए थे। घर में निर्माण कार्य चलने के कारण वे यहां रुके हुए थे।
स्थानीय स्तर पर यह विवाद लंबे समय से चल रहा था। बिजेन्द्र सिंह के मकान के सामने कॉलोनी विकसित होने के बाद कुछ लोगों ने दीवार तोड़कर संकरा रास्ता बना लिया था। छोटे वाहन तो निकल जाते हैं, लेकिन बड़े वाहनों के आने पर मकान को नुकसान का खतरा बना रहता है। आरोप है कि पहले भी छोटेलाल माली का बुजुर्ग से विवाद हो चुका था।
मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है। दम्पती और बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बेटे की रिपोर्ट के आधार पर अनुसंधान जारी है।
Updated on:
31 Mar 2026 09:33 pm
Published on:
31 Mar 2026 09:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
