1 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur Road Accidents: कहीं हूपर में घुसी स्कूटी तो कहीं बस और क्रेन ने मारी टक्कर, पिता-पुत्र सहित 4 लोगों की मौत

Road Accidents In Jaipur: राजधानी जयपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक छह साल का मासूम भी शामिल है। जबकि एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए।
2 min read
Google source verification
Jaipur road accident

जयपुर में सड़क हादसा व मृतक पिता-पुत्र। फोटो: पत्रिका

जयपुर। राजधानी जयपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक छह साल का मासूम भी शामिल है। जबकि एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कहीं नगर निगम के हूपर की अचानक ब्रेक लगाने से स्कूटी उसमें जा घुसी, तो कहीं बस की टक्कर से साइकिल सवार बच्चे की जान चली गई। वहीं, क्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई।

जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में सोमवार शाम दिल्ली रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास ढलान में आगे चल रहे नगर निगम के हुपर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूटी अनियंत्रित होकर हुपर में जा घुसी। हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी और उनका छह वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। घायल महिला का एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान इरफान कुरैशी (38) और उनके बेटे एजाज कुरैशी (6) के रूप में हुई है। दोनों सांगानेरी गेट स्थित वरदान खान की गली के रहने वाले थे। हादसे में इरफान की पत्नी सीमा बानो (35) भी घायल हुई हैं। पुलिस के अनुसार इरफान अपनी पत्नी और बेटे के साथ एक ही स्कूटी पर सवार होकर जयपुर से दिल्ली रोड की तरफ जा रहे थे। नगर निगम के हुपर को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

बस ने साइकिल सवार दो बच्चों को मारी टक्कर, एक की मौत

झोटवाड़ा थाना इलाके में कालवाड़ रोड स्थित बोरिंग चौराहे के पास सोमवार को बस ने साइकिल सवार दो बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मदीना नगर निवासी अशरफ (8) को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे बच्चे का उपचार जारी है। सूचना पर पहुंची झोटवाड़ा थाना पुलिस ने शव को कांवटिया अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है। पुलिस हादसे में शामिल बस और उसके चालक की तलाश कर रही है।

क्रेन ने बुजुर्ग को कुचला

उधर, विश्वकर्मा थाना इलाके में एक नंबर चौराहे के पास क्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। एसीपी (चौमूं) कृष्णराज जांगिड़ ने बताया कि मृतक गिरिराज आगीवाल (66) रजत पथ, मानसरोवर निवासी थे और निजी कंपनी में काम करते थे। वह रोजाना की तरह विश्वकर्मा जा रहे थे। इसी दौरान एक नंबर चौराहे के पास क्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर घायल गिरिराज को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।