
education news
जयपुर। प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में आज से दो चरणों में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम शुरू हो गया। प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में नामांकन और ठहराव में सहयोग के लिए शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने जन प्रतिनिधियों को व्यक्तिश: पत्र लिखा है। जनप्रतिनिधियों को लिखे पत्र में उन्होंने आह्वान किया कि राजकीय विद्यालयों में अपने—अपने क्षेत्र में आयु के अनुसार कक्षाओं में विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए अभिभावकों को प्रेरित करें। उन्होंने प्रमुख, पंचायत समिति प्रधान, सरपंचों से शत प्रतिशत नामांकन और ठहराव में सक्रिय सहयोग की अपील की है। साथ ही कहा है कि सभी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि एक भी बच्चा विद्यालय प्रवेश से वंचित नही रहे।
शत प्रतिशत नामांकन पर पंचायत होगी उजियारी
उन्होंने कहा कि जिन पंचायतों में शत प्रतिशत बच्चों का नामांकन होगा, उन्हें उजियारी पंचायत के रूप में सम्मानित किया जाएगा। ओडीएफ की तर्ज पर उन्हें ड्रॉपआउट फ्री घोषित किया जाएगा।
जनप्रतिनिधि करें शिक्षकों का सहयोग
शिक्षा राज्य मंत्री ने जनप्रतिनिधियों को लिखे पत्र में कहा है कि प्रवेशोत्सव के दौरान नामांकन के लिए घर-घर सर्वे कर रहे शिक्षकों को वे सहयोग दें और प्रयास करें कि क्षेत्र का एक भी बच्चा विद्यालय शिक्षा से वंचित नही रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के अधिकार के तहत 6 से 14 आयुवर्ग का हर बालक विद्यालय जाए, यह हम सभी का दायित्व है। उन्होंने आयुनुरूप बच्चों को पास की आंगनवाड़ी या विद्यालय भेजे जाने के लिए प्रेरित करने में सभी के सहयोग की अपने पत्र में अपील की है।
बच्चों को दिलाया प्रवेश
प्रवेशोत्सव के पहले दिन आज विद्यालयों में स्वयं प्रवेश लेने वाले बच्चों को प्रवेश दिलाया गया। विद्यालयों में लक्ष्य समूहों से ली गई सूचियों के कार्ड बनाए गए। अभिभावकों से भी संपर्क कर अनामांकित बच्चों को प्रवेश के लिए प्रेरित किया गया।
प्रथम चरण 9 मई तक चलेगा। इसके बाद 19 जून से दूसरा चरण शुरू होगा जो 30 जून तक चलेगा।
Published on:
26 Apr 2018, 10:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.